गमला चोरों की खैर नहीं! LDA ने लखनऊ पुलिस को लिखा पत्र, वीडियो से पहचान कर होगी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के उद्घाटन के बाद सजावटी गमले लूटने वालों की अब खैर नहीं है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस शर्मनाक घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए लखनऊ पुलिस को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राधिकरण ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर चोरों की पहचान करने और उन पर कानूनी शिकंजा कसने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री के जाते ही मची ‘लूट’
25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बसंत कुंज योजना के तहत बने इस भव्य स्मारक का लोकार्पण किया था। आयोजन को भव्य बनाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर, वसंत कुंज रोड और प्रेरणा स्थल मार्ग पर सैकड़ों आकर्षक और रंग-बिरंगे गमले लगाए गए थे। लेकिन कार्यक्रम खत्म होते ही शहर की ‘तहजीब’ को ताक पर रखकर लोग इन गमलों को लूटने लगे।
कार और बाइक में भर ले गए सरकारी संपत्ति
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मध्यम और उच्च वर्ग के लोग अपनी कारों, महंगी बाइक्स और कुछ पैदल ही गमले उठाकर ले जा रहे हैं। इस ‘लूट’ में महिला-पुरुष सभी शामिल थे। LDA के कर्मचारियों के अनुसार, सजावट के लिए लगाए गए आधे से ज्यादा गमले चोरी हो चुके हैं। प्रशासन ने शहर के सौंदर्य को निखारने के लिए जो मेहनत और पैसा खर्च किया था, उसे चंद घंटों में उजाड़ दिया गया।
प्रशासन सख्त, बचे हुए गमले हटाए गए
मामला तूल पकड़ते ही LDA ने कड़ा संज्ञान लिया और संबंधित मार्गों से बचे हुए गमलों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है। प्राधिकरण का कहना है कि यह न केवल चोरी है बल्कि राष्ट्रीय स्मारक और शहर की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर वाहन नंबरों के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है।
Also Read: बलरामपुर में मदरसे के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, बिना पढ़ाए उठा लिया सरकारी वेतन, आरोपी गिरफ्तार

