घर की नौकरानी ने ही डलवाई नकली ED रेड, 350 कैमरों की जांच के बाद पुलिस ने दबोचा

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक बुजुर्ग डॉक्टर दंपत्ति के घर दिनदहाड़े लूट की ऐसी वारदात हुई जिसने सबको हैरान कर दिया। घर की भरोसेमंद नौकरानी ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर नकली ईडी अधिकारी बनकर रेड मारी, लेकिन पुलिस ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के बाद इस गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है।

पोते के एक फोन ने बिगाड़ा खेल

घटना 11 फरवरी की है, जब रिटायर्ड डॉक्टर उषा सभरवाल के घर कुछ लोग ‘ईडी ऑफिसर’ बनकर दाखिल हुए। उन्होंने घर में मौजूद नकदी, गहने और महंगी घड़ियां एक मेज पर इकट्ठा करनी शुरू कर दीं।

इसी बीच डॉक्टर उषा ने चतुराई दिखाते हुए एक छिपे हुए फोन से अपने पोते कुणाल सभरवाल को कॉल कर दिया। संयोग देखिए कि कुणाल खुद प्रवर्तन निदेशालय (ED) के वकील हैं। जैसे ही कुणाल को शक हुआ, उन्होंने पुलिस को अलर्ट किया। अलार्म बजते ही आरोपी घबरा गए और जो हाथ लगा (करीब 4 लाख रुपये और 7 महंगी घड़ियां) लेकर फरार हो गए।

एडिशनल DCP ऐश्वर्या शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने जांच के लिए इलाके के 350 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक नीली बलेनो कार संदिग्ध हालत में दिखी, जिसका पीछा करते हुए पुलिस गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-4 तक जा पहुंची।

नौकरानी ही निकली ‘मास्टरमाइंड’

जांच में घर की नौकरानी रेखा देवी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जब पुलिस वैशाली वाले पते पर पहुंची, तो पता चला कि वह घर रेखा की ननद पूजा राजपूत का है। पुलिस ने वहां छापेमारी कर रेखा और पूजा को गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से बरामद हुआ

लूटा गया कैश और 7 महंगी घड़ियां।

एक पिस्टल और ITBP के डिप्टी कमांडेंट की नकली वर्दी।

फर्जी आईडी कार्ड।

कांस्टेबल पति ने रची थी लूट की पटकथा

पुलिस अब पूजा के पति प्रकाश कुमार की तलाश कर रही है, जो इस पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार है। चौंकाने वाली बात यह है कि प्रकाश खुद ITBP में कांस्टेबल है और उसने ही नकली अफसर बनकर लूटपाट की थी। फिलहाल प्रकाश और उसके दो अन्य साथी फरार हैं।

Also Read: बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर छापेमारी जारी, 10 करोड़ कैश बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.