भाजपा में ‘नबीन’ युग का आगाज: अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन ने किया नामांकन

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। लंबे इंतजार के बाद भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। बिहार से ताल्लुक रखने वाले कद्दावर नेता नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।

दिग्गजों का जमावड़ा, समर्थन की लहर

नामांकन के इस खास मौके पर भाजपा के ‘चाणक्य’ कहे जाने वाले अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी मुख्यालय में सुबह से ही हलचल तेज थी। अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री, जैसे गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, अपने-अपने राज्यों के समर्थन पत्र चुनाव अधिकारियों को सौंप रहे हैं।

निर्विरोध चुने जाने की तैयारी

सूत्रों की मानें तो नितिन नबीन का निर्विरोध (Unopposed) अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है। नामांकन के बाद अब केवल कागजी प्रक्रियाओं का औपचारिक पूरा होना बाकी है। भाजपा की परंपरा रही है कि अक्सर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से ही किया जाता है। माना जा रहा है कि अगले 24 घंटों के भीतर चुनाव की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी।

कल होगा भव्य शपथ ग्रहण

जानकारी के मुताबिक, यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो नितिन नबीन कल अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। जेपी नड्डा के कार्यकाल के बाद अब पार्टी की कमान एक युवा और सांगठनिक रूप से मजबूत चेहरे को सौंपने की तैयारी है। उनके अध्यक्ष बनने से भाजपा की आगामी चुनावी रणनीतियों और सांगठनिक ढांचे में बड़े बदलावों की उम्मीद की जा रही है।

Also Read: उन्नाव केस: कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से झटका, सजा निलंबन की अर्जी खारिज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.