कलेक्ट्रेट परिसर में बनी नई लाइब्रेरी, विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित होगी: राज्यसभा सांसद बृजलाल

Sandesh Wahak Digital Desk: राज्यसभा सांसद और पूर्व डीजीपी बृजलाल ने बुधवार को सिद्धार्थनगर कलेक्ट्रेट परिसर में नवनिर्मित लाइब्रेरी भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय जिले के छात्र-छात्राओं के लिए एक नई दिशा, एक नई रोशनी और करियर निर्माण का अहम साधन बनेगा। 62.19 लाख रुपये की लागत से सांसद निधि से बनी यह लाइब्रेरी पूरी तरह नि:शुल्क होगी और इसमें छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।

लाइब्रेरी से युवाओं को मिलेगा भविष्य संवारने का मौका

सांसद बृजलाल ने कहा, “मैं खुद सिद्धार्थनगर का निवासी हूं और इस जिले को मैंने अपने नोडल जिले के रूप में चुना है। यहां के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, उन्हें बस एक बेहतर मंच की ज़रूरत थी, जिसे ये लाइब्रेरी पूरा करेगी। मेरे संसदीय निधि से 62.19 लाख रुपये की लागत से बनी यह लाइब्रेरी अब युवाओं के लिए करियर की तैयारी में सहायक साबित होगी।”

उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने खुद कई पुस्तकें लिखी हैं, जैसे ‘पुलिस की बारात’, ‘डेढ़ बिस्वा ज़मीन’, ‘इंडियन मुजाहिदीन’, ‘इटावा फाइल्स’ और ‘सियासत का सबक’। इन सभी पुस्तकों की एक श्रृंखला भी इस पुस्तकालय में उपलब्ध कराई गई है।

सिर्फ लाइब्रेरी नहीं, विकास की और भी कई सौगातें

सांसद ने बताया कि उन्होंने जिले के परैया घाट और जमुआर फॉरेस्ट क्षेत्र के सुंदरीकरण का भी प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसका काम जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही पीएचसी भनवापुर में लेबर रूम और स्टाफ रूम का निर्माण भी सांसद निधि से कराया जा रहा है, जो जल्द ही पूर्ण होगा। उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने हाल ही में शिवपति इंटर कॉलेज में बने मल्टीपरपज़ हॉल का भी उद्घाटन किया, और शोहरतगढ़ के गुजरौलिया ग्रांट गांव में 7 हाई मास्ट लाइट लगवाने का काम भी पूरा किया गया है।

छात्रों के लिए खास तोहफा: मिलेगा नया टेक्नोलॉजीयुक्त बैग

बृजलाल ने यह भी कहा कि वो जिले के कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों को ऐसे आधुनिक स्कूल बैग देंगे, जिन्हें खोलते ही वह टेबल और टूल में बदल जाएगा। इससे बच्चों को पढ़ाई के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी।

सांसद ने जिलाधिकारी डॉ. राजगणपति आर की कार्यशैली और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर काम करते हैं, तभी क्षेत्र का समुचित विकास संभव होता है।

भविष्य के लिए और भी योजनाएं तैयार

सांसद ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए सांसद निधि से 181.08 लाख रुपये की लागत से जिले में कई और विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। उनका संकल्प है कि सिद्धार्थनगर को शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल किया जाए।

रिपोर्ट: जाकिर खान।

 

Also Read: UP News: शासन से पद सृजित नहीं, महानिदेशक आयुष ने बना दिया ओएसडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.