‘BJP का दूसरा नाम पेपर चोर है’, UKSSSC पेपर लीक विवाद पर बोले राहुल गांधी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बीजेपी को “वोट चोर” के बाद अब “पेपर चोर” बताते हुए आरोप लगाया कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से करोड़ों मेहनती युवाओं की जिंदगी और सपने तबाह हो रहे हैं।

‘BJP का दूसरा नाम पेपर चोर है’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज BJP का दूसरा नाम पेपर चोर है।” उन्होंने उत्तराखंड के UKSSSC पेपर लीक को इसका ताजा उदाहरण बताया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लाखों युवाओं ने दिन-रात मेहनत की, “लेकिन BJP ने चोरी से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।” उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या है और यह सीधे तौर पर वोट चोरी से जुड़ी है।

राहुल गांधी ने मजबूत और पारदर्शी सिस्टम बनाने की मांग करते हुए केंद्र सरकार पर आँखें मूँदकर बैठने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ युवाओं की नौकरी की नहीं, बल्कि “न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई” है, जिसमें वह हर छात्र के साथ मजबूती से खड़े हैं।

मुख्य आरोपी हरिद्वार गिरफ्तार

इधर, उत्तराखंड में UKSSSC पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने देहरादून की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया है। आरोप है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र के तीन पन्नों के स्क्रीनशॉट वॉट्सऐप पर वायरल हो गए थे। मुख्य आरोपी खालिद मलिक को हरिद्वार से गिरफ्तार कर देहरादून के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मलिक ने हरिद्वार के आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र में मुख्य द्वार पर जाँच से बचने के लिए पिछली दीवार फाँदकर प्रवेश किया था।

आरोपी ने मोजों में पतला मोबाइल फोन छिपाया था। उसने शौचालय का बहाना बनाकर दो बार हॉल से बाहर जाकर प्रश्नपत्र के तीन पन्नों की तस्वीरें खींची और अपनी बहन सबिया को भेजीं। सबिया ने इन तस्वीरों को टिहरी में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन चौहान को भेजा, लेकिन चौहान को संदेह हुआ और उन्होंने ही ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दीं। पुलिस ने मलिक की बहन को भी कथित तौर पर तस्वीरें फॉरवर्ड करने के आरोप में हिरासत में लिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही आश्वासन दिया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों के नियंत्रण एवं रोकथाम के उपाय) अधिनियम, 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Also Read: Lucknow News: DCP यमुना प्रसाद के घर बड़ी चोरी, खिड़की की ग्रिल काटकर लाखों का सामान पार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.