Raebareli News: प्रधानमंत्री मोदी का डीपफेक वीडियो बनाने वाला गिरफ्तार

Raebareli News: रायबरेली जिले में एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का AI-जनित और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस मामले की जानकारी दी। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी दुर्गेश कुमार को बछरावां थाना क्षेत्र के बन्नावा गांव से गिरफ्तार कर लिया।

रायबरेली पुलिस के बयान के अनुसार, आरोपी दुर्गेश कुमार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके प्रधानमंत्री का एक ‘डीपफेक’ वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर फैलाया। इस वीडियो में प्रधानमंत्री की छवि को खराब करने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

डीपफेक पर सरकार का सख्त रुख

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब प्रधानमंत्री मोदी खुद वैश्विक मंच पर डीपफेक और एआई के दुरुपयोग को लेकर चिंता जता चुके हैं। भारत सरकार भी इस चुनौती से निपटने के लिए कानूनी और तकनीकी उपाय कर रही है। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और आईटी नियम, 2021 के तहत, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर फर्जी या आपत्तिजनक सामग्री को तुरंत हटाना अनिवार्य है। ये कानून पहचान की चोरी, निजता का उल्लंघन और साइबर आतंकवाद जैसे अपराधों के लिए भी दंड का प्रावधान करते हैं।

Also Read: भारत में ISIS की बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, तीन राज्यों से 5 संदिग्ध गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.