डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी डाक सेवाओं पर लगाई रोक
Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप अमेरिका में रहने वाले अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार को डाक से कोई सामान भेजना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय डाक विभाग ने अमेरिका के लिए सभी तरह की डाक सेवाओं पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
यह रोक $100 तक की कीमत वाले पत्रों, दस्तावेजों और उपहारों पर भी लागू है। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि डाक भेजने वाली कंपनियों को अमेरिका तक सामान ले जाने में दिक्कत आ रही है और वहां के नए नियमों को लेकर अभी भी कई चीजें साफ नहीं हैं।
इस फैसले की वजह अमेरिकी प्रशासन द्वारा 30 जुलाई को जारी किया गया एक नया आदेश है। इस आदेश के मुताबिक, 29 अगस्त, 2025 से अमेरिका में $800 तक की कीमत के सामान पर मिलने वाली ‘शुल्क-मुक्त छूट’ (de minimis exemption) को खत्म कर दिया गया है। इसका सीधा मतलब है कि अब भारत से अमेरिका जाने वाली हर डाक पर, भले ही उसकी कीमत कितनी भी कम क्यों न हो, कस्टम ड्यूटी देनी होगी। यह शुल्क ‘इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट’ (IEEPA) के तहत लगाया जाएगा।
इस फैसले से उन भारतीय व्यापारियों और ई-कॉमर्स कंपनियों पर बड़ा असर पड़ेगा जो अमेरिका को कपड़े, गहने, हस्तशिल्प और अन्य छोटे-छोटे उत्पाद भेजते हैं। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के महानिदेशक अजय सहाय ने बताया कि इससे कारोबार में लगभग एक महीने तक मुश्किलें आने की उम्मीद है। कंपनियां अब यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि अमेरिकी उपभोक्ता कितना अतिरिक्त खर्च उठा सकते हैं।
Alsp Read: इजरायल के दावे के बाद हमास ने की अपने कमांडर मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि

