RBI ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की, अब होम लोन होगा सस्ता, EMI में भी राहत
Sandesh Wahak Digital Desk: देश के लाखों लोन लेने वालों और होम लोन की ईएमआई (EMI) चुकाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक के बाद बड़ा फैसला लेते हुए रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती का ऐलान किया है।
रेपो रेट अब 5.50 प्रतिशत से घटकर 5.25 प्रतिशत हो गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि बैंकों को आरबीआई से कम ब्याज पर पैसा मिलेगा, जिसके बाद वे ग्राहकों के लिए होम लोन, ऑटो लोन और पर्सनल लोन की दरों में कटौती कर सकते हैं। केंद्रीय बैंक ने मौद्रिक नीति के रुख को न्यूट्रल (तटस्थ) रखा है।
इकोनॉमी में पैसा बढ़ाएगी RBI
आरबीआई गवर्नर ने इकोनॉमी में लिक्विडिटी (पैसे का प्रवाह) बढ़ाने के लिए दो बड़े कदम उठाने की भी घोषणा की।
सरकारी सिक्योरिटीज खरीद: केंद्रीय बैंक 1 लाख करोड़ रुपये की सरकारी सिक्योरिटीज खरीदकर ओपन मार्केट ऑपरेशंस (OMOs) के जरिए बाज़ार में पैसा डालेगा।
डॉलर-रुपया स्वैप: केंद्रीय बैंक $5 बिलियन का डॉलर-रुपया स्वैप अरेंजमेंट भी करेगा।
इसके अलावा, स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) रेट को घटाकर 5 प्रतिशत और मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) रेट को घटाकर 5.50 प्रतिशत कर दिया गया है।
गवर्नर मल्होत्रा ने कहा कि अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आंकड़े बेहतर आर्थिक गतिविधियों का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी रेशनलाइजेशन, कृषि में बेहतर संभावनाएं और कंपनियों के अच्छे बही-खाते (बैलेंस शीट) जैसी चीजें आर्थिक गतिविधियों को समर्थन देंगी।
Also Read: असीम मुनीर बने चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज, 5 साल के लिए मिली तीनों सेनाओं और परमाणु हथियारों की कमान

