Gonda News: CDO अंकिता जैन की सख्त कार्रवाई, 3 ब्लॉकों के ADO का वेतन रुका, BDO से मांगा जवाब
Gonda News: जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की सुस्त रफ्तार देख प्रशासन का पारा चढ़ गया है। सोमवार को विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक में योजनाओं की खराब प्रगति देख सीडीओ अंकिता जैन ने अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने न केवल लापरवाही बरतने वाले तीन एडीओ पंचायत का वेतन रोकने का आदेश दिया, बल्कि तीन बीडीओ (BDO) के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की है।
समीक्षा बैठक के दौरान विकास खंड कटरा बाजार के सहायक विकास अधिकारी (ADO) बिना किसी सूचना के गायब मिले, जिस पर सीडीओ ने तत्काल प्रभाव से उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। साथ ही, कटरा बाजार के बीडीओ के बैठक में न आने पर उनसे लिखित स्पष्टीकरण (कारण बताओ नोटिस) मांगा गया है। इसके अलावा, पड़री कृपाल और छपिया के बीडीओ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी जुड़ना जरूरी नहीं समझा, जिसके लिए उनका एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है।
योजनाओं की प्रगति पर नाराजगी
बैठक में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़ने और राशन कार्ड धारकों को समूह में शामिल करने जैसे अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान करनैलगंज, बभनजोत और रूपईडीह ब्लॉकों में लक्ष्य से काफी पीछे रहने पर वहां के एडीओ पंचायत और ब्लॉक मिशन प्रबंधकों का वेतन/मानदेय रोक दिया गया है।
सीडीओ अंकिता जैन ने सख्त लहजे में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करें, वरना अगली कार्रवाई और भी कड़ी होगी।
Also Read: सिद्धार्थनगर: मझौली सागर बनेगा ‘इको-टूरिज्म’ का नया ठिकाना, हर साल आते हैं 20 हजार विदेशी मेहमान

