Health tips: जामुन में छिपा है स्वाद और सेहत का राज, जानें इसके फायदे

Sandesh Wahak Digital Desk: गर्मी की तपती दोपहर में जब सूरज आग बरसाता है, तब कुदरत हमें एक अनोखा तोहफा देती है जामुन। यह सिर्फ़ रसीला और स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि हमारी सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। आयुर्वेद में इसका ख़ास महत्व बताया गया है। यह हमारे पाचन तंत्र को मजबूत बनाने और शरीर से गंदगी निकालने में भी मदद करता है।

जामुन का इतिहास और आयुर्वेद में महत्व

जामुन पहली बार हमारे भारतीय उपमहाद्वीप में उगाया गया था। हमारी पुरानी कहानियों में भी इसका ज़िक्र मिलता है। आयुर्वेद में जामुन को एक ख़ास जगह मिली है। इसके फल ही नहीं, इसकी पत्तियां भी कई आयुर्वेदिक दवाएं बनाने के काम आती हैं।

स्वाद और गुणों का खजाना

आपको बता दें कि जामुन का वैज्ञानिक नाम ‘सिजीगियम क्यूमिनी’ है। इसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है और इसे अक्सर लोग नमक लगाकर बड़े चाव से खाते हैं। इसमें ग्लूकोज और फ्रक्टोज मुख्य रूप से पाए जाते हैं। मज़े की बात ये है कि दूसरे फलों के मुकाबले इसमें कैलोरी भी कम होती है।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में अक्टूबर 2022 में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, जामुन को डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे जैसी बीमारियों के इलाज में विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि जामुन मेटाबॉलिक सिंड्रोम जैसी स्थिति में भी काफी फायदेमंद हो सकता है।

जामुन के अनगिनत फ़ायदे

सुश्रुत संहिता के अनुसार, जामुन में फाइबर खूब होता है, जो हमारे पाचन को बेहतर बनाता है और कब्ज, सूजन और एसिडिटी जैसी परेशानियों को दूर रखता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो हमारी त्वचा को स्वस्थ रखने और झुर्रियों को कम करने में मददगार हैं। साथ ही, इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे तत्व होते हैं, जो हमारी हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। इससे ऑस्टियोपोरोसिस और हड्डियों के कमजोर होने का खतरा कम हो जाता है।

जामुन की गुठलियां भी हैं कमाल की

जामुन के फल के साथ-साथ इसकी गुठलियां भी किसी वरदान से कम नहीं हैं। हमारे बड़े-बुजुर्ग अक्सर जामुन की गुठलियों को फेंकने से मना करते हैं। इन गुठलियों को फेंकने की बजाय किसी साफ बर्तन में इकट्ठा करके धूप में सुखा लेना चाहिए। फिर इनका चूर्ण बनाकर सेवन करने से शुगर के मरीजों को बहुत राहत मिलती है। इसके चूर्ण से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल में रहता है और शरीर से गंदगी भी बाहर निकलती है। स्वस्थ रहने के लिए शरीर को समय-समय पर डिटॉक्स करना बहुत ज़रूरी है। रोज़ाना जामुन के बीजों के चूर्ण के इस्तेमाल से आप अपने शरीर को डिटॉक्स कर सकते हैं और शरीर में जमा सारी गंदगी को बाहर निकाल सकते हैं।

Also Read: Health tips: कोहनी का कालापन हटाना हुआ आसान, घर बैठे अपनाएं ये असरदार नुस्खे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.