लक्ष्य अधूरा नहीं चलेगा, आयुष्मान योजना की समीक्षा में बोली डॉ. जैकब

Sandesh Wahak Digital Desk: आयुष्मान भारत योजना और संस्थागत प्रसव को लेकर लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक आयुक्त कक्ष कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सीईओ साँची अर्चना वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर निदेशक स्वास्थ्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

84% परिवारों तक पहुंची योजना, लेकिन अभी भी 44% लक्ष्य अधूरा

बैठक में अधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि लखनऊ में 2,67,274 ऐसे परिवार हैं जिनमें कम से कम एक आयुष्मान कार्ड बन चुका है, जो कुल लक्ष्य का 84% है। हालांकि, कुल 16,02,508 लक्षित लाभार्थियों के मुकाबले अभी तक 8,97,847 कार्ड ही बन पाए हैं, यानी लगभग 56% कार्य ही पूर्ण हुआ है। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अब तक 42,335 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत लक्षित 4,616 पात्रों में से 4,334 को चिन्हित किया गया है।

लखनऊ बना प्रदेश में नंबर-1, फिर भी मंडलायुक्त नाराज़ क्यों?

भले ही लखनऊ राज्य में सूचीबद्ध चिकित्सालयों की संख्या और क्लेम भुगतान के मामले में पहले स्थान पर है, लेकिन प्रसव फीडिंग की रिपोर्ट ने मंडलायुक्त को नाराज़ कर दिया। उन्होंने निजी अस्पतालों की धीमी रिपोर्टिंग पर सख्ती जताते हुए कहा:

“अगर निजी हॉस्पिटल फीडिंग में लापरवाही करेंगे, तो उन पर कार्रवाई तय है।”

उन्होंने HIMS पोर्टल पर डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि यह कार्य प्राथमिकता पर हो।

समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर

डॉ. रोशन जैकब ने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा:

  • आयुष्मान कार्ड बनाने में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लें।

  • क्लेम का भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए।

  • लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति रिपोर्ट में स्पष्ट सुधार दिखे।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य सिर्फ कार्ड बांटना नहीं, जन-जन को स्वास्थ्य सुरक्षा देना है, और इसमें कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

“लक्ष्य की संख्या नहीं, गुणवत्ता की मजबूती दिखनी चाहिए। जनता को योजनाओं का लाभ समय पर और सही रूप में मिले – यही प्राथमिकता होनी चाहिए।” – डॉ. रोशन जैकब, मंडलायुक्त


Also Read :लखनऊ में जनता दर्शन: केशव मौर्य ने फरियादियों…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.