Basti News: ओवरब्रिज पर ट्रेलर की चपेट में आया बाइक सवार शिक्षक, मौके पर ही मौत

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मनौरी ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गौर थाना क्षेत्र के अजगैवा जंगल के नोनहा गांव निवासी जितेंद्र यादव (35) अपनी बाइक से इंटर कॉलेज जा रहे थे। उनकी तैनाती बेलहरा में एक इंटर कॉलेज में थी। सुबह मनौरी ओवरब्रिज पर उनकी बाइक एक ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि मृतक शिक्षक जितेंद्र यादव के साथ बाइक पर दो और युवक सवार थे, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई इस दुर्घटना से शिक्षक के गांव और उनके विद्यालय में शोक का माहौल है।

Also Read: Jaunpur News: खेतासराय में अवैध हुक्का पार्लर पर पुलिस का छापा, हिरासत में आधा दर्जन से अधिक लोग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.