अपना घर पाने का इंतज़ार खत्म: 8 और 9 जनवरी को खुलेगी लखनऊ ‘अटल नगर’ योजना की लॉटरी

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) देवपुर पारा में बनी अटल नगर आवासीय योजना के फ्लैटों का आवंटन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस योजना के तहत बनाए गए 2,496 फ्लैट्स की लॉटरी 8 और 9 जनवरी, 2026 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में निकाली जाएगी।

किसे, कब मिलेगा घर?

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि आवंटन प्रक्रिया को दो दिनों में बांटा गया है। जिसमें 8 जनवरी को 01 BHK के 1,832 फ्लैटों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। जबकि 9 जनवरी को 02 BHK के 664 फ्लैटों का आवंटन होगा।

पूरी तरह पारदर्शी होगी प्रक्रिया

एलडीए ने साफ किया है कि यह लॉटरी पूरी तरह पारदर्शी होगी। आवेदकों की मौजूदगी में ड्रा की पर्चियां निकाली जाएंगी। जो लोग वहां नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए यूट्यूब चैनल पर इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। बता दें कि इन फ्लैटों के लिए कुल 5,781 लोगों ने आवेदन किया है।

क्या है अटल नगर योजना की खासियत?

टावर और फ्लैट: यहां 12 से 19 मंजिल के कुल 15 टावर बनाए गए हैं।

किफायती दाम: घर की कीमत मात्र 9.82 लाख रुपये से शुरू है।

सुविधाएं: अफोर्डेबल स्कीम होने के बावजूद एलडीए ने यहां लिफ्ट, पावर बैकअप, स्वच्छ पानी, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और बच्चों के खेलने के लिए ग्रीन एरिया का इंतजाम किया है।

क्षेत्रफल: फ्लैट्स 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर के दायरे में बने हैं।

एलडीए प्रशासन ने सभी आवेदकों से अपील की है कि वे समय पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचकर इस प्रक्रिया का हिस्सा बनें।

Also Read: लखनऊ के स्कूलों में अब ‘यातायात नोडल अधिकारी’ संभालेंगे जाम का मोर्चा, JCP ने जारी किए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.