उन्नाव में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति का सिर धड़ से किया अलग

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी मामले की याद दिला दी है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति के साथ ऐसी दरिंदगी की, जिसे सुनकर हर कोई सिहर उठेगा। पति का सिर धड़ से अलग कर दिया गया और फिर सिर कटी लाश को फेंक दिया गया। इस वारदात को अंजाम देने में महिला के प्रेमी और उसके एक दोस्त का हाथ है।

यह सनसनीखेज मामला उन्नाव के बदरका क्षेत्र के तुर्किहा बदरका गांव का है। बताया जा रहा है कि इमरान नाम का शख्स अपनी पत्नी शीबा के साथ रहता था। शीबा का पिछले तीन साल से फरमान नाम के शख्स के साथ अफेयर चल रहा था। फरमान हाल ही में करीब 25 दिन पहले अपने दोस्त रफीक के साथ सऊदी अरब से लौटा था।

मारपीट से शुरू हुई खूनी साजिश की कहानी

इमरान शराब का आदी था। अक्सर वह शराब पीकर घर आता और शीबा के साथ मारपीट करता था। इमरान ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालता था, लेकिन इससे शीबा की ख्वाहिशें पूरी नहीं हो पा रही थीं। फरमान के सऊदी से आने के बाद वह शीबा से मिला। लेकिन जल्द ही इमरान को दोनों की मुलाकात का पता चल गया। इससे गुस्साए इमरान ने शीबा के साथ मारपीट की और उसके घर से बाहर आने-जाने पर पाबंदी लगा दी।

जब शीबा ने यह बात फरमान को बताई, तो दोनों ने मिलकर इमरान को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। इस वारदात में फरमान के दोस्त रफीक ने भी उनका पूरा साथ दिया। उन्होंने पहले इमरान को खूब शराब पिलाई, फिर उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए। बेरहमी से उसका गला धड़ से अलग कर दिया और शव को सिटी ड्रेन के दलदल में फेंक दिया।

पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

पुलिस को इमरान की सिर कटी लाश कंचनखेड़ा के पास सिटी ड्रेन के कीचड़ में मिली थी। शव की पहचान के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अब पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इमरान की पत्नी शीबा और उसके प्रेमी फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, फरमान का दोस्त रफीक अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Also Read: Lucknow: शिक्षा पर गरमाई सियासत, राजधानी में छिड़ा सपा-बीजेपी के बीच पोस्टर वॉर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.