Lucknow News: जनसुरक्षा के लिए अवैध शराब माफियाओं पर योगी सरकार की कड़ी कार्रवाई
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अवैध शराब और नशे के काले धंधे के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी और सख्त मुहिम चला रखी है। इस अभियान ने शराब तस्करों के लिए यह साफ संदेश दे दिया है कि अब प्रदेश में उनके लिए न तो कोई जगह है और न ही कोई रियायत। सरकार की इस कार्रवाई से कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
चौंकाने वाले आंकड़े
आबकारी विभाग के ताजा आंकड़े बताते हैं कि इस साल अप्रैल से अक्टूबर 2025 के बीच ही अवैध शराब के खिलाफ 70,017 मामले दर्ज किए गए। इसमें 18.5 लाख लीटर से ज्यादा अवैध शराब बरामद हुई, 13,243 लोग पकड़े गए और 2,464 आरोपियों को जेल भेजा गया। सिर्फ नवंबर 2025 के एक महीने में ही 10,000 से ज्यादे नए मामले दर्ज हुए और 2.35 लाख लीटर शराब जब्त की गई।
त्योहारों पर भी नहीं चलने दी ढिलाई
यह देखते हुए कि त्योहारों के मौके पर अवैध शराब की डिमांड बढ़ जाती है, सरकार ने इस साल अब तक 5 विशेष अभियान चलाए। छठा अभियान 17 नवंबर से शुरू हुआ है और 16 दिसंबर तक चलेगा। इन अभियानों में अब तक 20,590 मामले दर्ज हुए, 5.2 लाख लीटर शराब बरामद हुई, 3,976 लोग गिरफ्तार हुए और 657 को जेल भेजा गया। तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 23 वाहन भी जब्त किए गए।

सीमा पार के गिरोहों पर जोरदार प्रहार
अवैध शराब की सप्लाई अक्सर दूसरे राज्यों से होती है। इस पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियानों में बड़ी सफलता मिली है। सोनभद्र से 18,491 लीटर, मथुरा से 9,913 लीटर, लखनऊ से 7,247 लीटर, बलिया से 6,152 लीटर और आजमगढ़ से 4,958 लीटर शराब बरामद हुई है।
इन जिलों में सबसे ज्यादा बरामदगी
अभियान की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि वे जिले, जहां अवैध शराब का कारोबार फलता-फूलता था, वहां से बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी गई। रामपुर से 62,950 लीटर, बरेली से 59,451 लीटर, लखीमपुर खीरी से 55,697 लीटर, झांसी से 45,080 लीटर और हरदोई से 45,053 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इन जिलों में दर्ज मामलों की संख्या भी बहुत ज्यादा रही, जैसे लखीमपुर खीरी में 2,480 और रामपुर में 1,677 मामले दर्ज किए गए।
Also Read: राजनाथ सिंह ने राष्ट्र को समर्पित किए BRO के 125 महत्वपूर्ण रणनीतिक प्रोजेक्ट

