बिग बॉस फेम लोपामुद्रा राउत के घर चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 76 लाख की संपत्ति बरामद
Mumbai News: ‘बिग बॉस’ फेम और मॉडल लोपामुद्रा राउत के मुंबई स्थित सांताक्रूज वाले घर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
सांताक्रूज पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चोरी के मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय चंदन कमलेश मुखिया के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, लोपामुद्रा राउत 20 जून से 27 जुलाई के बीच मुंबई से बाहर थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके फ्लैट को निशाना बनाया।
घर से नकदी, सोने के गहने और सोने के बिस्किट चोरी किए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 76 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी के पैसों से अपनी बहन के नाम जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा था।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
सुराग मिलने के बाद टीम ने आरोपी की तलाश बिहार तक की और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब चोरी की बाकी संपत्ति बरामद करने के साथ इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कौन हैं लोपामुद्रा राउत?
लोपामुद्रा राउत मॉडल और ब्यूटी पेजेंट टाइटल होल्डर हैं। उन्हें सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ से देशभर में पहचान मिली।
इसके अलावा वह ‘खतरों के खिलाड़ी’ में भी नजर आ चुकी हैं। लोपामुद्रा कुछ वेब सीरीज में भी काम कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं।

