Lucknow News: चिनहट में हाईकोर्ट के निजी सचिव के घर लाखों की चोरी: CCTV में दिखे 2 संदिग्ध

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित माधव ग्रींस (लोलाई) में बेखौफ चोरों ने हाई कोर्ट के निजी सचिव के बंद मकान को निशाना बनाया। चोर मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे 1 लाख रुपये नकद व करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध आरोपी घर में दाखिल होते और सामान लेकर बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं।

भतीजे के इलाज के लिए पटना गया था परिवार

हाईकोर्ट में निजी सचिव पद पर तैनात पीड़ित गौतम कुमार सिन्हा के अनुसार, पटना में भर्ती भतीजे की देखरेख के लिए वे 19 अगस्त की तड़के करीब 3:30 बजे पत्नी और बच्चों के साथ ओला कैब से स्टेशन के लिए निकले थे। 21 अगस्त को पड़ोसी की सूचना पर मकान का मेन गेट खुला होने का पता चला। शनिवार को पटना से वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला और रसोई की रोशनदान वाली खिड़की तोड़कर वारदात को अंजाम दिया है।

पीड़ित ने चिनहट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। गौतम कुमार सिन्हा ने घर में काम करने वाली महिला फूलमती, दूध देने वाले अर्जुन और घर से निकलते वक्त सवाल-जवाब करने वाले ओला चालक पर संदेह जताया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच में जुटी है।

Also Read: ओपी राजभर का सपा पर तीखा हमला, आने वाले दिनों में पाकिस्तान भाग जाएंगे अखिलेश यादव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.