‘खुद पर ही आई बात, तो बताओ कौन जात’, अखिलेश-राहुल की फोटो लगाकर बीजेपी ने पूछा सवाल?
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी में पोस्टर वॉर लगातार जारी है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सामने आए समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के बयान को लेकर शुरू हुआ पोस्टर वॉर अब जातीय जनगणना तक पहुंच गया है।
इस मुद्दे पर जारी सियासी आरोप-प्रत्यारोप के बीच लखनऊ में देर रात भाजपा कार्यालय के बाहर नया पोस्टर लगाया गया। जिसमें भाजपा नेता ने समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से उनकी जाति पूछी गई। आपको बता दें कि ये पोस्टर भाजपा युवा मोर्चा लखनऊ के महामंत्री अमित त्रिपाठी की तरफ से लगवाया गया है।
अमित त्रिपाठी की तरफ से भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर लगवाए गए पोस्टर में जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया गया है। विवादित पोस्टर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और राहुल गांधी की फोटो के साथ भाजपा नेता की ओर से उनकी जाति पूछी गई है।
पोस्टर में लिखा गया है कि ‘जातीय जनगणना की उठाई आवाज… अब खुद पर ही आई बात, तो बताओ! कौन जात’। जातीय जनगणना को लेकर भाजपा नेता की ओर से लगवाए गए इस पोस्टर से लखनऊ में सियासी हलचल तेज हो गयी है। हालांकि, इस पोस्टर के जवाब में सपा या कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
अमित त्रिपाठी ने कहा कि अब जातीय जनगणना हो ही रही है तो अखिलेश यादव और राहुल गांधी को भी अपनी असल जाती बतानी पड़ेगी। आपको बता दें कि बीते दिनों सपा की महिला नेता पूजा शुक्ला की ओर से जातीय जनगणना के फैसले का अखिलेश यादव को क्रेडिट देते हुए पोस्टर लगवाया गया था।
Also Read: UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक में 11 अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

