SIR से हर विधानसभा में 6000 से 32500 तक वोट काटने की योजना है: अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने एक बार फिर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।
SIR और फॉर्म-7 को लेकर उठाए सवाल
राजधानी लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने यूपी में चल रहे SIR को लेकर बीजेपी को घेरा। उन्होंने फॉर्म-7 को लेकर कहा कि उन्हें जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक बीजेपी फॉर्म-7 के जरिए बड़ी धांधली करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इसके पूरे सबूत मौजूद हैं।
सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने कहा कि हर फॉर्म पर नंबर होना चाहिए और अब तक जमा किए गए सभी फॉर्म रद्द किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जो फॉर्म भरे गए हैं उनकी पूरी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में गड़बड़ी पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लिया जाए और जो भी दोषी मिले उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है और चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भी दी है।
फॉर्म-7 पर होलोग्राम और CCTV जांच की मांग
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि कागजी फॉर्मेट की जगह ऐसा फॉर्म होना चाहिए जिस पर नंबरिंग हो। उन्होंने कहा कि फॉर्म-7 पर चुनाव आयोग का होलोग्राम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फॉर्म जमा करने के समय की सीसीटीवी फुटेज भी निकाली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी आरोपी पकड़ा जाए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर राज्य के खिलाफ साजिश और 420 का मुकदमा चलाया जाए। उन्होंने कहा कि डाउनलोड किए गए फॉर्म के सत्यापन की कागजी व्यवस्था होनी चाहिए और हस्ताक्षर की न्यायिक जांच कर गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि सीतापुर सहित कई जगहों से जानकारी मिली है कि मुस्लिम मतदाताओं के वोट कटवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन्हें हस्ताक्षर करना नहीं आता उनके नाम से भी फॉर्म-7 जमा कराए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन विधानसभा सीटों पर बीजेपी हारी है वहां इस तरह की गतिविधियां ज्यादा हो रही हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर धांधली की तैयारी की जा रही है और पीडीए तथा मुस्लिम मतदाताओं के वोट काटने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कन्नौज में बड़े स्तर पर 1200 वोट काट दिए गए।
“हर विधानसभा में वोट काटने का टारगेट”
सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा अधिकार होता है और इस तरह की धांधली नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एक करोड़ वोट काटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अकबरपुर, अयोध्या, बाराबंकी, करनैलगंज और गोंडा जैसी कई विधानसभा सीटें टारगेट पर हैं।
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि बछरावां में करीब 32000 वोट और लखनऊ सेंट्रल में करीब 30000 वोट काटने का टारगेट है। उन्होंने दावा किया कि हर विधानसभा में 6000 से 32500 तक वोट काटने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पेन ड्राइव तैयार किए गए हैं, जिनसे प्रिंट निकालकर फॉर्म जमा किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के दौरान बीजेपी पीडीए और अल्पसंख्यक मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश कर रही है और यह फॉर्म-7 के जरिए किया जा रहा है।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि बीजेपी चुनाव जीतने की तैयारी में धांधली कर रही है और इसके लिए पेन ड्राइव का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर मुस्लिम और पीडीए मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की।
सपा प्रमुख Akhilesh Yadav ने कहा कि लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा फॉर्म-7 जमा किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अलग-अलग मामलों का हवाला देकर एक आवेदन के नाम पर 100 फॉर्म भरे गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि आयोग को अब बीजेपी का झंडा अपनी बिल्डिंग पर लगा लेना चाहिए।
Also Read: मणिपुर में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज, BJP विधायकों की बैठक लेंगे अमित शाह

