भाजपा की कथनी-करनी में अंतर नहीं, गौसंरक्षण और ग्रामीण मूल्यों को दे रही मजबूती: संतोष सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: गौ रक्षा दल के प्रदेश निरीक्षक संतोष सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने किसानों, नौजवानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं से किए गए वादों को प्राथमिकता के साथ जमीन पर उतारा है।
रक्षा, विकास और तकनीक में बना रहे हैं अलग पहचान
संतोष सिंह ने कहा कि आज भारत हर क्षेत्र चाहे वो रक्षा, कृषि, तकनीक या विकास हो में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जोड़ी को दिया।
योगी सरकार के आते ही बंद हुए अवैध बूचड़खाने
गौरक्षा पर बोलते हुए संतोष सिंह ने बताया कि योगी सरकार के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ही प्रदेश में चल रहे अवैध बूचड़खानों को बंद कराया गया, जिससे गौमाताओं की रक्षा सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में गाय का स्थान हमेशा से पूजनीय रहा है।
गांव की परंपराओं की याद दिलाई
संतोष सिंह ने कहा कि पहले के समय में हर घर में गाय पाली जाती थी। महिलाएं खाना बनाते वक्त गाय के लिए अलग से दो रोटी, और कुत्ते के लिए एक रोटी निकालती थीं। पशुओं से प्राप्त गोबर खेतों में प्राकृतिक खाद के रूप में इस्तेमाल होता था, जिससे न केवल फसलें शुद्ध होती थीं, बल्कि लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता था।
रासायनिक खेती से बढ़ रहीं बीमारियां
उन्होंने चिंता जताई कि आज के आधुनिक युग में ट्रैक्टर और रसायनों की वजह से खेती में यूरिया, नाइट्रोजन, जिंक और फास्फोरस जैसे खतरनाक तत्वों का उपयोग हो रहा है, जिससे कैंसर, अस्थमा, हार्ट अटैक और सांस की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
गौशालाओं के निर्माण और सेवा संस्कृति पर जोर
संतोष सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार ने हर जिले में गौ संरक्षण केंद्र (गौशालाएं) बनवाए हैं, जहां गायों को हरा चारा, स्वच्छ पानी और सुरक्षित आश्रय मिल रहा है। लाखों लोग अब फिर से गाय पालने, दूध प्राप्त करने और उनकी सेवा में जुटे हैं। उनका कहना था जिस तरह एक मां की सेवा से पुण्य मिलता है, वैसे ही गौ सेवा से भी आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।
विपक्ष पर तीखा हमला
संतोष सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे अब भी तुष्टिकरण की राजनीति में उलझे हैं। उन्होंने कहा ने सिर्फ सत्ता के लिए ये पार्टियां किसी भी हद तक जा सकती हैं। इनका एक ही मकसद है भाजपा को बदनाम करो और जनता को गुमराह करो।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब सच और झूठ में फर्क करना जानती है और विपक्ष के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर सुरेश प्रताप सिंह, सार्थक प्रताप सिंह, मनोज कटिहार, माया सिंह, दीपांकर सिंह, शुभम, धर्मेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

