नहीं है कोई बीमारी फिर भी क्यों रहता है Muscle Pain, जानें असली वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: शरीर में विटामिन D और B-12 का स्तर सही होना और हड्डियों में किसी तरह की बीमारी न होना आमतौर पर अच्छी सेहत का संकेत माना जाता है, लेकिन इसके बावजूद अगर मसल पेन (Muscle Pain) बना रहता है तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं होता है। यह जरूरी है कि इसके पीछे के असली कारणों को समझा जाए, क्योंकि यह सीधे तौर पर बीमारी नहीं दिखती, लेकिन लगातार रहने वाला दर्द जीवन की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है।

एक ही पोजीशन में बैठना बन सकता है कारण

जानकार मानते हैं कि, मसल पेन (Muscle Pain) के सबसे आम कारणों में लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठकर काम करना शामिल है। आज के समय में कई लोग घंटों तक लैपटॉप या मोबाइल के सामने बैठे रहते हैं, जिससे गर्दन और पीठ लगातार झुकी रहती है। गलत पोस्चर के कारण मसल्स पर लगातार दबाव पड़ता है, जिससे दर्द शुरू हो जाता है। कई मामलों में विटामिन डी, कैल्शियम और अन्य जरूरी तत्व नॉर्मल होने के बावजूद यह दर्द बना रहता है, क्योंकि समस्या पोस्चर और मसल्स के ओवरलोड से जुड़ी होती है।

मानसिक तनाव भी बढ़ा सकता है Muscle Pain

डॉक्टर्स के मुताबिक मानसिक तनाव सीधे तौर पर मसल पेन (Muscle Pain) का कारण नहीं माना जाता, लेकिन यह शरीर पर अप्रत्यक्ष असर जरूर डालता है। तनाव की स्थिति में शरीर के हार्मोन का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे मसल्स लगातार टाइट रहने लगती हैं और दर्द महसूस होता है। अगर तनाव के साथ नींद की कमी भी हो तो समस्या और बढ़ जाती है। पर्याप्त नींद न लेने पर मसल्स को रिपेयर होने का समय नहीं मिल पाता है, जिससे दर्द लंबे समय तक बना रह सकता है।

पानी की कमी से भी हो सकता है Muscle Pain

आपको बताते चलें कि विटामिन और मिनरल्स की कमी न होने के बावजूद डिहाइड्रेशन मसल पेन (Muscle Pain) का बड़ा कारण बन सकता है। शरीर में पानी की कमी होने पर इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे मसल्स सही तरीके से काम नहीं कर पाती हैं और दर्द शुरू हो सकता है। खासतौर पर गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीना आने पर यह समस्या बढ़ जाती है। एथलीट्स में भी अक्सर मसल पेन देखा जाता है, जबकि उनमें पोषण की कमी नहीं होती। खेलकूद के दौरान ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो जाती है, जो दर्द का कारण बनती है।

Muscle Pain से राहत पाने के तरीके

दरअसल मसल पेन (Muscle Pain) से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि पोस्चर को सही रखा जाए और लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठने से बचा जाए। रोजाना हल्की स्ट्रेचिंग करने से मसल्स लचीली रहती हैं और दर्द की संभावना कम होती है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए दिन में कम से कम सात से आठ गिलास पानी पीना जरूरी होता है। इसके साथ ही सात से आठ घंटे की नींद लेना भी जरूरी है, ताकि मसल्स को रिपेयर होने का पूरा समय मिल सके और शरीर स्वस्थ बना रहे।

 

Also Read: भारत-अमेरिका ट्रेड डील का धमाका, शेयर बाजार जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 3600+ और निफ्टी 1200 अंक चढ़कर खुला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.