लाल किले पर 26 जनवरी को हमले की थी साजिश, पूछताछ में डॉ. मुजम्मिल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए कार धमाके की जाँच में अब तक का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हिरासत में लिए गए प्रमुख संदिग्धों में से एक डॉ. मुजम्मिल से पूछताछ में जाँच एजेंसियों को पता चला है कि इन आतंकवादियों ने लाल किले को निशाना बनाने के लिए 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) पर हमले की भयानक साज़िश रची थी।

गणतंत्र दिवस पर टारगेट करने की प्लानिंग

जाँच एजेंसियों को डॉ. मुजम्मिल के फोन के डंप डेटा से अहम जानकारी मिली है। पूछताछ में पता चला कि डॉ. मुजम्मिल और डॉ. उमर ने जनवरी के पहले हफ़्ते में लाल किले की रेकी (जासूसी) की थी। इनकी प्लानिंग का हिस्सा 26 जनवरी पर लालकिले को टारगेट करना था। इसके अलावा, ये लोग दीवाली पर भी भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाने की साज़िश रच रहे थे।

माना जा रहा है कि यह आतंकी मॉड्यूल जैश-ए-मुहम्मद से जुड़ा था, जिसके सदस्य डॉ. मुजम्मिल और डॉ. अदील अहमद डार पकड़े जा चुके हैं, जबकि इस साजिश का एक अन्य प्रमुख चेहरा डॉ. उमर धमाके के समय ही मारा जा चुका है।

फरीदाबाद कनेक्शन और विस्फोटक का जखीरा

यह खुलासा उस कार्रवाई के कुछ घंटे बाद हुआ, जब जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस ने सोमवार को फरीदाबाद से 2,900 किलो अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक जब्त किया था। पुलिस ने हाफ़िज इश्तियाक के उस घर के कमरे से 2563 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया था, जिसे डॉ. मुजम्मिल ने किराए पर लिया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस हाफ़िज इश्तियाक को फरीदाबाद से श्रीनगर ले गई है, जहाँ एनआईए भी उससे पूछताछ कर रही है।

Also Read: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कुलगाम और शोपियां समेत कई जिलों में पुलिस के ताबड़तोड़ छापे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.