बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को उड़ाने की धमकी से हड़कंप, मौके पर पहुंचा बम निरोधक दस्ता
Sandesh Wahak Digital Desk: देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शेयर बाजार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को वहां अलर्ट मोड में सुरक्षा जांच की गई। धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें दावा किया गया था कि बीएसई की टावर बिल्डिंग में आरडीएक्स और आईईडी बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 3 बजे विस्फोट करेंगे।
ईमेल में यह धमकी केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की आईडी से भेजी गई थी, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई। मेल मिलते ही बीएसई प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों के साथ सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और पूरी इमारत की तलाशी ली गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ MRA मार्ग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को मिला था मेल, सोमवार को की गई शिकायत
पुलिस के मुताबिक धमकी वाला ईमेल रविवार को ही भेजा गया था, लेकिन उस दिन स्टॉक एक्सचेंज में अवकाश होने के कारण सोमवार शाम को इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। धमकी में लिखा गया था कि बीएसई की बिल्डिंग में चार जगह आरडीएक्स और IED बम रखे गए हैं।
देशभर में लगातार मिल रही हैं फर्जी धमकियाँ
मुंबई की इस घटना के कुछ ही घंटों बाद पंजाब के अमृतसर से भी गोल्डन टेंपल को उड़ाने की धमकी मिलने की खबर आई। उस मेल में कहा गया कि लंगर हॉल को आरडीएक्स से उड़ाया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद हरमंदिर साहिब प्रबंधन कमेटी ने पुलिस को सूचित किया।
हाल के दिनों में देश के कई बड़े शहरों में इस तरह की फर्जी धमकियाँ लगातार मिल रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हालांकि अधिकतर मामलों में कोई ठोस खतरा सामने नहीं आया, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर मेल की गंभीरता से जांच की जा रही है।
BSE: भारत की आर्थिक नींव का अहम स्तंभ
गौरतलब है कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है, जहां हजारों कंपनियों के शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड्स का कारोबार होता है। किसी भी तरह की सुरक्षा चूक राष्ट्रीय आर्थिक संरचना पर गहरा असर डाल सकती है।
Also Read: लखनऊ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की ड्रग्स के साथ महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार

