मालेगांव ब्लास्ट फैसले पर बोले सीएम फडणवीस, ‘भगवा आतंकवाद न था, न है, न रहेगा’
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के मालेगांव बम धमाका मामले में गुरुवार को एनआईए कोर्ट के फैसले के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कोर्ट ने सबूतों के अभाव में सभी सात आरोपियों को बरी कर दिया है, जिसके बाद सत्ता पक्ष की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, आतंकवाद भगवा न कभी था, न है, न कभी रहेगा!
एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी मालेगांव केस को लेकर एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, सत्य कभी असफल नहीं होता: 17 वर्षों की लंबी लड़ाई के बाद, एक विशेष अदालत ने मालेगांव विस्फोटों के सात कथित आरोपियों को बरी कर दिया। यह सच है कि न्याय में देरी हुई, लेकिन यह एक बार फिर साबित हो गया है कि सत्य कभी पराजित नहीं होता।

शिंदे ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए लिखा, मालेगांव विस्फोट मामले में झूठे आरोपों में जेल में बंद देशभक्तों को शिवसेना ने शुरू से ही अटूट समर्थन दिया था। क्योंकि शिवसेना को कभी संदेह नहीं हुआ कि उसका पक्ष न्याय के पक्ष में है। कर्नल पुरोहित, साध्वी प्रज्ञा और सात अन्य को इस आरोप के कारण भारी मानसिक और शारीरिक यातना सहनी पड़ी है। हिंदू इस अन्याय को कभी नहीं भूलेंगे। एक हिंदू कभी भी राष्ट्र-विरोधी कृत्य नहीं कर सकता, क्योंकि देशभक्ति हिंदुओं का धार्मिक कर्तव्य है। षड्यंत्रकारी कांग्रेसी नेताओं ने ‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द गढ़ा। अब इतनी जल्दी में उनके पास इसका क्या जवाब है?
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने आखिर में लिखा, आज एक काला युग समाप्त हो गया। हिंदुओं पर लगा कलंक मिट गया। इसमें कोई शक नहीं कि ‘गर्व से कहो हम हिंदू हैं’ का नारा अब पूरे देश में सौ गुना जोर से गूंजेगा। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं! जय हिंद, जय महाराष्ट्र।
Also Read: Malegaon blast: सभी आरोपियों के बरी होने से पीड़ित परिवार मायूस, बोले- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

