ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में होगी लंबी बहस, लोकसभा में 16, राज्यसभा में 9 घंटे की चर्चा को सरकार तैयार

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद का मानसून सत्र सोमवार से हंगामेदार आगाज़ के साथ शुरू हो गया है। पहले ही दिन दोनों सदनों में विपक्षी सांसदों ने ज़बरदस्त हंगामा किया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा। विपक्ष मुख्य रूप से हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और पहलगाम आतंकी हमले पर सदन में चर्चा की मांग कर रहा था। अब जानकारी मिली है कि सरकार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के लिए तैयार हो गई है। लोकसभा में इस मुद्दे पर 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे तक बहस होगी।

किन मुद्दों पर होगी चर्चा

संसदीय सूत्रों के अनुसार, बिज़नेस एडवाइज़री कमेटी की बैठक में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विभिन्न विधेयकों और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए समय निर्धारित किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर पर लंबी चर्चा के अलावा, कई अन्य अहम विषयों पर भी बात होगी।

भारतीय डाक विधेयक: लोकसभा में 3 घंटे की चर्चा का समय तय किया गया है।

आयकर संशोधन विधेयक: लोकसभा में इस पर 12 घंटे तक विस्तृत चर्चा होगी।

राष्ट्रीय खेल विधेयक: इस पर 8 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है।

मणिपुर बजट: इस संवेदनशील मुद्दे पर 2 घंटे की चर्चा होगी।

इसके साथ ही, तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने 1975 के आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर चर्चा की मांग की है। वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ की गंभीर स्थिति पर चर्चा का आग्रह किया है।

32 दिनों तक चलेगा मानसून सत्र

यह मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा, यानी कुल 32 दिनों का होगा, जिसमें 21 बैठकें होंगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए संसद के दोनों सदन 12 अगस्त से 17 अगस्त तक स्थगित रहेंगे। इसके बाद 18 अगस्त को सत्र फिर से शुरू होगा। अब देखना होगा कि इन लंबी चर्चाओं से संसद में कितनी सार्थक बहस हो पाती है और क्या सरकार व विपक्ष के बीच गतिरोध कम होता है।

Also Read: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ब्रेकिंग बैरियर्स कॉन्फ़्रेंस का किया उद्घाटन, 14 महिला उद्यमी सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.