‘मुझसे निपटने का अब एक ही तरीका है कि…’,बरी होते ही केजरीवाल ने मोदी-शाह को दी चुनौती
Sandesh Wahak Digital Desk: कथित शराब घोटाला मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। करीब 600 पन्नों के अदालती आदेश को ‘ऐतिहासिक’ बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि आज न्यायपालिका ने साबित कर दिया कि सच को डराया जा सकता है, लेकिन हराया नहीं।
‘जज साहब की हिम्मत को सलाम’
केजरीवाल ने न्यायपालिका और अपने वकीलों का आभार जताते हुए कहा, “आज के दौर में जब हर संस्था को डराया-धमकाया जा रहा है, ऐसे में इतना बड़ा न्याय करने के लिए जज साहब ने वाकई बहुत हिम्मत दिखाई है।” उन्होंने कहा कि कोर्ट ने इसे एक फर्जी केस माना है और अगर आज यह फैसला नहीं आता, तो यह मुकदमा 15-20 साल तक खिंच सकता था।
प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह पूरा खेल इन दो लोगों ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए रचा था। उन्होंने कहा आज कोर्ट के आदेश ने साबित कर दिया कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ‘कट्टर ईमानदार’ हैं।
केजरीवाल ने भावुक होते हुए कहा कि वह कोई मंझे हुए राजनीतिज्ञ नहीं हैं। जब उन पर बेईमानी का आरोप लगा और परिवार को ताने मिले, तो उन्हें गहरा दुख हुआ। इसीलिए उन्होंने तय किया था कि बेगुनाह साबित होने के बाद ही जनता के सामने आएंगे।
‘कत्ल के अलावा अब कोई रास्ता नहीं बचा’
प्रधानमंत्री को निशाने पर लेते हुए केजरीवाल ने तल्ख अंदाज में कहा, “मोदी जी, आपने ईडी, सीबीआई, पुलिस और इनकम टैक्स… सब छोड़ दिया। हमारे टॉप 5 नेताओं को एक साथ जेल में डाल दिया, फिर भी आप मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सके। अब मुझसे निपटने का आपके पास एक ही तरीका बचा है केजरीवाल का कत्ल करवा दो, क्योंकि अब आपसे केजरीवाल संभलने वाला नहीं है।”
पॉजिटिव राजनीति की सलाह और चुनाव की चुनौती
केजरीवाल ने पीएम मोदी को नसीहत देते हुए कहा कि अगर आप केजरीवाल को खत्म करना चाहते हैं, तो मुझसे बेहतर काम करके दिखाएं। “मैंने 500 स्कूल बनाए, आप 5000 बनाओ। मैंने मोहल्ला क्लिनिक बनाए, आप पूरे देश में बनाओ। फिर जनता केजरीवाल को पूछेगी ही नहीं।” उन्होंने मोदी सरकार को चुनौती देते हुए कहा, “हिम्मत है तो दिल्ली में दोबारा चुनाव कराकर दिखाओ। अगर 10 से ज्यादा सीटें आ गईं, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
ट्रंप के बहाने पीएम पर तंज
केजरीवाल ने विदेश नीति पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप रोज भारत और पीएम मोदी को लेकर टिप्पणी करते हैं, लेकिन हमारा प्रधानमंत्री ‘भीगी बिल्ली’ बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को केजरीवाल में उलझने के बजाय देश संभालने पर ध्यान देना चाहिए।
Also Read: फर्जीवाड़े के आरोपों में उलझा दिग्विजय सिंह की जमीन का मामला, अब ASP और CO करेंगे जांच

