किडनी फेल होने से पहले ऐसे मिलते हैं संकेत, कराएं ये टेस्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: किडनी (Kidney) हमारे शरीर का ऐसा अंग है जो खून को फिल्टर करके शरीर से टॉक्सिन्स और बेकार पदार्थ बाहर निकालता है। लेकिन कई बार किडनी की खराबी के शुरुआती लक्षण नजर नहीं आते या बहुत हल्के होते हैं, जिन्हें लोग सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर बीमारियों की वजह बन जाती है। एक बार किडनी पर असर पड़ जाए तो उसे ठीक करना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में डायलिसिस या ट्रांसप्लांट ही अंतिम विकल्प रह जाता है। इसीलिए जरूरी है कि किडनी की सेहत की जांच समय-समय पर कराते रहें। आमतौर पर लोग KFT (Kidney Function Test) कराते हैं, लेकिन यह हर बार किडनी की सही स्थिति नहीं बता पाता। कई कारणों से इसके परिणाम प्रभावित हो सकते हैं, जैसे उम्र, शरीर में मांसपेशियों की मात्रा या खानपान की आदतें।
किडनी फेल होने से पहले कैसे पता करें
आयुर्वेदिक डॉक्टर सुगंधा ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि लोग हर छह महीने में KFT टेस्ट कराते हैं और उसमें क्रिएटिनिन लेवल (Creatinine Level) की जांच होती है। लेकिन यह लेवल तब बढ़ता है जब किडनी काफी हद तक खराब हो चुकी होती है। यानी, शुरुआती स्टेज पर यह टेस्ट कोई संकेत नहीं देता। तो सवाल है कि, ऐसा कौन सा टेस्ट है जिससे किडनी की समस्या का शुरुआती स्टेज पर पता लगाया जा सके?
Cystatin C Tes
डॉक्टर के अनुसार, Cystatin C Test (सिस्टैटिन सी टेस्ट) वह टेस्ट है जो किडनी की स्थिति का सही पता लगाने में मदद करता है। यह एक प्रोटीन है जो हमारे शरीर में बनता रहता है। अगर किडनी स्वस्थ है, तो यह प्रोटीन फिल्टर होकर शरीर से बाहर निकल जाता है।
लेकिन अगर किडनी में गड़बड़ी है, तो यह प्रोटीन खून में बढ़ने लगता है। इसकी खास बात यह है कि इसके परिणाम उम्र, मसल्स की मात्रा या प्रोटीन सेवन से प्रभावित नहीं होते। इसलिए इसे क्रिएटिनिन टेस्ट से ज्यादा सटीक और भरोसेमंद माना जाता है।
किन लोगों को जरूर कराना चाहिए यह टेस्ट
डॉ. सुगंधा के अनुसार, लोग Cystatin C Test साल में एक बार जरूर कराएं, जिनकी उम्र 55 साल से अधिक है। जो रोजाना जिम जाते हैं और प्रोटीन सप्लीमेंट लेते हैं। जो डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं। जिनका वजन बहुत अधिक है या मोटापा है। इसके अलावा अगर पेशाब में झाग दिखे, तो यह भी संकेत हो सकता है कि किडनी फिल्टरिंग में समस्या आ रही है। ऐसी स्थिति में तुरंत यूरिन टेस्ट कराना चाहिए।
कितना आता है खर्च?
यह टेस्ट महंगा नहीं है। इसकी कीमत 1200 से 1500 रुपये के बीच होती है। यह जांच शुरुआती स्तर पर किडनी की गड़बड़ी का पता लगाकर डायलिसिस या ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर स्थिति से बचा सकती है।
कुल मिलाकर, अगर आप किडनी की बीमारी से पहले चेतावनी चाहते हैं तो Cystatin C Test आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प है। समय पर यह टेस्ट कराना आपकी किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।
Also Read: Prayagraj News: कार्तिक पूर्णिमा की रात किशोरी की गला रेतकर हत्या, बलि की आशंका

