Health Tips: महिलाओं में हफ्ते पहले मिल जाते हैं हार्ट अटैक के ये संकेत, जानें कैसे पहचानें

Health Tips: आजकल अचानक डांस करते हुए या वर्कआउट करते समय किसी की जान जाना आम खबर बनती जा रही है। वजह अक्सर एक ही होती है- हार्ट अटैक। हालांकि ये घटना भले अचानक लगे, लेकिन इसके संकेत पहले से मिलने शुरू हो जाते हैं। खासतौर पर महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण पुरुषों से अलग होते हैं और ये कई बार महीनों पहले से शरीर चेतावनी देने लगता है।

एक स्टडी (Circulation Journal, 2016) के अनुसार, लगभग 43% महिलाएं हार्ट अटैक के समय सीने में दर्द महसूस नहीं करतीं। ऐसे में महिलाओं को इन अलग तरह के संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं वो 7 संकेत जो हार्ट अटैक के पहले नजर आ सकते हैं।

सीने में दबाव या जकड़न, दर्द नहीं भी हो सकता

महिलाओं में हार्ट अटैक के समय सीने में तेज दर्द न होकर केवल भारीपन, कसाव या दबाव महसूस हो सकता है। ये लक्षण कभी-कभी अपच या गैस जैसा महसूस होता है लेकिन बार-बार दोहराया जाए तो सावधान होने की जरूरत है।

बिना वजह थकान महसूस होना

अगर आप रोजमर्रा का सामान्य काम करते हुए भी असामान्य रूप से थकावट महसूस करें, जैसे हल्की सी चढ़ाई चढ़ने पर ही सांस फूलने लगे या भारीपन लगे तो ये दिल पर पड़ रहे दबाव का संकेत हो सकता है।

सांस फूलना

सांस चढ़ना सिर्फ अस्थमा या फेफड़ों की बीमारी से नहीं होता। बिना मेहनत के या आराम की स्थिति में भी सांस फूलने लगे, तो यह दिल की कमजोरी का शुरुआती संकेत हो सकता है।

मतली या पेट संबंधी समस्या

महिलाओं को हार्ट अटैक से पहले मतली, उल्टी या पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिन्हें अक्सर फूड पॉइज़निंग समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

जबड़े, गर्दन या पीठ में दर्द

हार्ट अटैक का दर्द छाती तक सीमित नहीं रहता। महिलाओं में यह दर्द जबड़े, गर्दन, कंधे, पीठ और यहां तक कि हाथों तक भी फैल सकता है। अगर दर्द असामान्य लगे और किसी कारण से समझ न आए तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

मन में अनजाना डर या बेचैनी

कई महिलाएं हार्ट अटैक से पहले खुद को अनजानी चिंता, डर या बेचैनी के घेरे में पाती हैं। इसे इग्नोर न करें, यह शरीर की ओर से आ रही चेतावनी हो सकती है।

ठंडा पसीना आना

बिना मेहनत या गर्मी के भी अगर पसीना छूटे और खासकर वह ठंडा हो, तो यह हार्ट अटैक की ओर इशारा कर सकता है। इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

Also Read: Health Tips: भीगे बादाम या अखरोट, दिमाग के लिए कौन है ज्यादा फायदेमंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.