‘हारते ये हैं और इल्जाम चुनाव आयोग पर…’, अनुराग ठाकुर बोले- क्या राहुल और प्रियंका इस्तीफा देंगे?

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद अनुराग ठाकुर ने जोरदार जवाब दिया है। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि जब फर्जी वोटों की सफाई हो रही है तो कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “हारते ये हैं और इल्जाम चुनाव आयोग (ECI) और बीजेपी पर लगाते हैं। धूल इनके चेहरे पर थी और आईना साफ करते रहे।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव के समय संविधान को लेकर भ्रम फैलाया था और अब फिर से झूठ बोल रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने ‘भयंकर’ नहीं, बल्कि ‘ब्लंडर’ किया है।

बीजेपी ने गिनाई गड़बड़ियां

अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई उदाहरण देते हुए दावा किया कि मतदाता सूची में किस तरह से गड़बड़ियां हैं। उन्होंने कहा रायबरेली में मोहम्मद कैफ खान का नाम कई बूथों पर है। रायबरेली के एक घर के पते पर 47 वोटर रजिस्टर्ड हैं, जिन पर कभी राहुल गांधी या सोनिया गांधी का ध्यान नहीं गया। बंगाल के डायमंड हार्बर में भी एक ही घर के पते पर कई अलग-अलग धर्मों के लोग वोटर के रूप में रजिस्टर्ड हैं।

उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि वायनाड में नए वोटर्स के नाम कैसे जोड़े गए हैं, जबकि उन्होंने तीन बार वहां से चुनाव लड़ा है। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर असली भारतीय नागरिकों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल सच्चे और पक्के नागरिकों का ही वोट होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या इन गड़बड़ियों के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस्तीफा देंगे?

 

Also Read: Lucknow News: स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा का आयोजन, खेल मंत्री गिरीश चंद्र…

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.