‘आजादी की बातें करते हैं पर काम गुलामी वाला’, CM योगी का विपक्ष पर करारा वार

Sandesh Wahak Digital Desk: विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विपक्ष पर हमलावर दिखे। उन्होंने विजन 2047 को लेकर बहस में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों के साथ विशेष तौर पर नेता विरोधी दल का स्वागत किया। उन्होंने विजन 2047 को प्रदेश में क्रियान्वित किए जाने को लेकर जारी चर्चा में विपक्ष पर कविताओं, रामचरितमानस की चौपाइयां और शायरी का प्रयोग करते हुए कटाक्ष किए। उन्होंने विजन 2047 को लेकर सवाल उठाने वाले विपक्ष पर तंज कसने के साथ ही 24 घंटे से अधिक समयावधि से जारी चर्चा को उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करते हुए कहा कि ये उन लोगों की आंखें खोलने वाला है जो विधायिका पर अंगुली उठाते हैं।

विकास पर कम, सत्ता प्राप्ति पर ज्यादा केंद्रित है विपक्ष की सोचः सीएम योगी

सीएम योगी ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय के लिए कहा कि वे काफी बुजुर्ग हैं, अनुभवी हैं। वे जब अपने स्वयं के विवेक से बोलते हैं तो सही बोलते हैं मगर जब दूसरों के द्वारा संचालित होने लगते हैं तो दिक्कत होती है। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि कभी-कभी उनको मुर्गा भी याद आने लगता है, जिस पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि खाने-पीने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। विरोधी दल के सदस्यों द्वारा कही गई बातों पर सीएम योगी ने कहा कि मुझे इस पर एक बात याद आयी है कि ‘बड़ा हसीन है इनकी जबान का जादू, लगाकर आग बात बहारों की करते हैं।’ उन्होंने कहा कि मैं देख रहा था कि विपक्ष  की सोच विकास की कम और सत्ता प्राप्ति पर ज्यादा सीमित थी। फिर उन्होंने कहा कि जिन्होंने रात में चुन-चुनकर बस्तियां लूटीं वही नसीब के मारों की बात करते हैं।

विपक्ष परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी से ग्रस्त

मुख्यमंत्री योगी ने पीडीए को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताते हुए कहा कि आपकी इसी सोच का नमूना दिख रहा है। स्वामी विवेकानंद ने इसी को ‘कूप मंडूक’ होना कहा था। उन्होंने विपक्ष को कुएं का मेंढक होने की बात कहते हुए कहा कि मुझे लगता है कि यही दृष्टि आप लोगों की है। दुनिया आगे बढ़ रही है, एक प्रतिस्पर्धा चल रही है लेकिन आपलोग अभी भी अपने परिवार तक सीमित हैं। आप परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी का शिकार हो चुके हैं और प्रदेश को भी इसी का शिकार बनाना चाहते हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी बोले कि आप लोग जब गौमाता को धोखा दे सकते हैं तो किसको नहीं धोखा देंगे आप। आप गाय का दूध तो पीते थे मगर उन्हें सड़कों पर छोड़ देते थे, कसाइयों के हवाले करा देते थे। आज डबल इंजन की सरकार में 7727 गो आश्रय स्थलों में गोवंश को रखा गया है। आपने गाय का दूध जरूर पिया पर कुछ ऐसा नहीं किया जिससे गाय के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित हो सके। आपको तो गौमाता का ही श्राप ले डूबेगा। इसीलिए 2027 में सत्ता में आने का सपना मत देखिए।

सीएम योगी बोलेः ये महाकाल का आसन है…

माता प्रसाद पाण्डेय के समक्ष पंडित श्याम नारायण पाण्डेय की पंक्तियों को पढ़ते हुए सीएम योगी ने कहा कि यूपी की विरासत हर व्यक्ति नहीं पा सकता है, ये महाकाल का आसन है इस पर न किसी का शासन है। नित सिसक रहा कमलासन है, यह सिंहासन सिंहासन है। यह सम्मानित अधिराजों से, अर्चित है राज समाजों से। इसके पद रज पोंछे जाते हैं भूपों के सिर के ताजों से। इसकी रक्षा के लिए भी कुर्बानी पर कुर्बानी है। राणा तू इसकी रक्षा कर, ये सिंहासन स्वाभिमानी है। ये विरासत वही है जो काशी, अयोध्या, मां विध्यवासिनी धाम व चित्रकूट में देखने को मिल रही है। आपको पीड़ा होती है ये समझ आता है। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन की बात हम अभी नहीं करेंगे क्योंकि विपक्ष तो पहले ही 2016 में कह चुका है कि वह दुर्योधन का स्मारक बनाएंगे।

अधूरा नेटवर्क और ठहरा निवेश दिखाता है विपक्ष का चेहरा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष के एक सम्मानित सदस्य कह रहे थे कि विजन हमारा है, वाह रे विजन। 1947 से 2017 तक अधूरा नेटवर्क और ठहरा निवेश इनके विजन को दर्शाता है। उन्होंने स्वदेशी की भावना, उद्यमियों के हित, प्रदेश में 2017 के पहले उद्योग बंदी व पलायन की स्थिति को लेकर भी विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया। सीएम योगी ने ओडीओपी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को गिनाते हुए त्योहारों पर प्रदेश में बने उत्पादों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा कि मुझसे कोई राष्ट्राध्यक्ष मिलने आता है तो मैं उसे यहां के प्रोडक्ट देता हूं, आप तो सैफई महोत्सव व रामपुर में जन्मदिवस मनाने के लिए बकिंघम की बग्घी मंगाते थे, वह भी रानी विक्टोरिया की। क्या आचरण है ये, यही आपका दोहरा चरित्र व विजन है। आप बात आजादी की करते हैं पर काम गुलामी वाला करते हैं।

शिवपाल सिंह यादव पर कसा तंज

सीएम योगी ने शिवपाल सिंह यादव पर भी तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चच्चा भी गच्चा खा गए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को विद्यालय बंदी पर कहा कि आपको ऐसे शब्द नहीं कहने चाहिए थे। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि प्रदेश सरकार किसी भी विद्यालय को बंद नहीं करने जा रही है। उन्होंने माता प्रसाद पाण्डेय से अटल आवासीय विद्यालय का दौरा करने को कहा। उन्होंने स्वतंत्र देव सिंह द्वारा बिलारी के विधायक को ऐसी कसम खिला दी है कि वह समझ ही नहीं पा रहे हैं क्या करें। उन्होंने मजाक में कहा कि ऐसी कसमें न खिलवाया करें, वह तो ये समझ ही नहीं पा रहे हैं कि किसकी कसम खाएं और भला खन्ना जी किसके नाम पर कसम खाएंगे।

सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज की बात कहते हुए सीएम योगी ने कहा कि आप डिप्टी सीएम को कभी वहां बुलाइये और इसी बहाने भोजन भी खिलाइये मगर बुलाइये तो। सीएम योगी ने मजाक करते हुए कहा कि आप ऐसा नहीं करेंगे, आप उनके साथ दुश्मनी करेंगे। अरे, इस उम्र में दुश्मनी नहीं करनी चाहिए।

Also Read: Siddharthnagar News: तिरंगा यात्रा में भारत-नेपाल सीमा पर गूंजा देशभक्ति का नारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.