‘यह फर्जी वोट डलवाएंगे, लेकिन…’, बिहार में CM योगी का राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के चुनावी रण में उतरते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। सहरसा में एक नामांकन रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर विकास के बजाय बुर्का की मांग कर फर्जी मतदान कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

सीएम योगी ने सहरसा से भाजपा उम्मीदवार आलोक रंजन झा, सोनबरसा से एनडीए प्रत्याशी रत्नेश सादा, महिषी से गुंजेश्वर शाह और सिमरी बख्तियारपुर से संजय सिंह (लोजपा) को जिताने की अपील की।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज जब बिहार को मेट्रो, रेल, एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट जैसी कनेक्टिविटी से पहचान मिल रही है, तो राजद-कांग्रेस इसे धूमिल करने के लिए ‘विकास नहीं, बुर्का चाहिए’ का शिगूफा छोड़ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा “यह लोग फर्जी वोट डलवाएंगे, लेकिन चेहरा नहीं दिखवाएंगे। तीर्थयात्रा में विदेश जाएंगे, एयरपोर्ट पर चेहरा दिखाएंगे, पासपोर्ट पर फोटो भी दिखाएंगे, लेकिन बिहार में वोटिंग पर कहेंगे कि बुर्का को छेड़ो मत, चेहरा दिखाओ मत, फर्जी वोट डलवाने दो।”

सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद फिर से गरीबों और दलितों के हकों पर डकैती डालने की साजिश कर रहे हैं।

परिवारवाद बनाम राष्ट्रवाद

योगी आदित्यनाथ ने राजद पर परिवारवाद और कांग्रेस पर भारत को अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पीएम मोदी कहते हैं कि 140 करोड़ का भारत मेरा परिवार है। लालू कहते हैं कि राबड़ी देवी का परिवार ही मेरा परिवार है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि 20 वर्षों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, और अब कोई भी बिहार को पुराने ‘लालटेन युग’ में नहीं ले जाएगा, क्योंकि नीतीश कुमार इसे ‘एलईडी की दूधिया लाइट’ में लेकर आगे बढ़ चुके हैं।

माफिया पर बुलडोजर और गरीबों के मकान

सीएम योगी ने भ्रष्टाचार और माफियाराज पर अपनी सरकार की कार्रवाई का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों के लिए आने वाला पैसा कांग्रेस, राजद और उनके पार्टनर्स में बँट जाता था, जिसे वे दुनिया के बैंकों में जमा करके अपनी पीढ़ियों के लिए खजाना भरते थे।

उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा “मोदी जी अब कहते हैं कि गरीब के हक पर जो डाका डालेगा, उसकी जगह जेल में होगी। यूपी में हमने एक दुर्दांत माफिया के बंगले को खाली कराया, बुलडोजर चलवाया और फिर हाईराइज बिल्डिंग बनाकर गरीबों को फ्री में आवास उपलब्ध करा दिया। किसी ने 10 एकड़ जमीन कब्जा की है और उसके पास पुश्तैनी भूमि है, तो सब मिलाकर ब्याज सहित वापस लिया गया, फिर गरीबों के मकान बनाए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि माफिया, गुंडागर्दी, देशद्रोही और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सिर्फ एनडीए सरकार और कार्यकर्ता ही लड़ पाएगा।

राम मंदिर और विरासत का सम्मान

सीएम योगी ने राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद कहती थी कि राम मंदिर कभी नहीं बनेगा, लेकिन आज अयोध्या में भव्य मंदिर बन चुका है और राम दरबार भी विराजमान हो गया है। उन्होंने घोषणा की कि बिहार में भी 900 करोड़ से मां जानकी के मंदिर का कार्य प्रारंभ हो चुका है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए की डबल इंजन सरकार बिहार को विकास के पथ पर डबल स्पीड से ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विरासत का सम्मान और संरक्षण करके ही विकास की नींव को पुख्ता करेगी।

Also Read: मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि बनी एकता का मंच, लखनऊ में जुटी साहित्य, कला और समाजसेवा की त्रिवेणी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.