फ्लाइट से लखनऊ आए थे मुंबई के चोर, महंगे होटल में ठहरे और… पुलिस ने बिगाड़ दिया खेल

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में आयोजित पंजाबी सिंगर हनी सिंह के म्यूजिक कॉन्सर्ट में चोरों ने कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि चोर आयोजनों में भी भीड़-भाड़ का फायदा उठाने से नहीं चूकते।

थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस टीम ने बताया कि यह घटना 28 फरवरी को कूल ब्रिज रिसॉर्ट में आयोजित हनी सिंह के म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान हुई, जब चोरों ने मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले की शिकायत आसिम खान नामक युवक ने पुलिस में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी मुंबई निवासी खतीब शेख और आकाश ताम्बे थे, जो फ्लाइट से मुंबई से लखनऊ आए थे। दोनों चोर लखनऊ में एक महंगे होटल में ठहरे थे। पुलिस ने लूलू मॉल के पास से दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों चोरों ने स्वीकार किया कि कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर छह मोबाइल चुराए थे, जिन्हें गिरफ्तार होने पर बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों चोर बड़े गायकों के लाइव कॉन्सर्ट में भाग लेकर मोबाइल चोरी करते थे और चोरी किए गए मोबाइलों को कम कीमत पर बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे।  इस कार्रवाई से यह साफ हो गया कि आयोजनों में सुरक्षा की सख्त जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके और लोगों का सामान सुरक्षित रह सके।

Also Read: हरियाणा कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.