पटना कोचिंग विवाद में रौशन आनंद के बाद अब खान सर पर मंडराया गिरफ्तारी का खतरा, एफआईआर दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में दो दिग्गज कोचिंग संस्थानों के बीच उपजा विवाद अब कानूनी दांव-पेंच में तब्दील हो चुका है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद सर की सलाखों के पीछे जाने के बाद, अब देश के मशहूर शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें भी बेहद बढ़ गई हैं। पटना पुलिस ने कोचिंग परिसर पर फायरिंग की कथित झूठी जानकारी देने और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन के मामले में खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के वक्त खान सर की मौजूदगी में ही फायरिंग होने के आरोप हैं। यदि इस गंभीर मामले में उन्हें अदालत से अग्रिम जमानत नहीं मिली, तो खान सर की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।

इस पूरे घटनाक्रम में बड़ा मोड़ तब आया जब गुरुवार सुबह रौशन आनंद की कोचिंग ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी ने एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में खान सर के निजी सुरक्षाकर्मी सरेआम राइफल से गोलियां दागते नजर आ रहे थे। सबूत सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर के दोनों गार्ड्स को दबोच लिया और उनके हथियार जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। दोनों गार्ड्स को जेल भेज दिया गया है।

गौतरलब है कि घटना के ठीक बाद मंगलवार रात खान सर ने दावा किया था कि उनकी कोचिंग पर जानलेवा हमला हुआ और कई राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, अगली ही सुबह वे अपने इस दावे से पीछे हट गए। उन्होंने सफाई दी कि अफरातफरी के माहौल में उन्होंने जल्दबाजी में वही कह दिया था जो उनके गार्ड्स ने उन्हें बताया था। टीवी चैनलों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गार्ड्स ने केवल अपनी और कोचिंग की आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की थी।

क्रेडिट की जंग और छात्रों की खरीद-फरोख्त

इस खूनी ड्रामे की मुख्य जड़ बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों की सफलता का श्रेय लेने की होड़ है। पटना के ही एक अन्य चर्चित शिक्षक गुरु रहमान ने मीडिया के सामने आकर सनसनीखेज खुलासा किया कि दोनों बड़े कोचिंग सेंटर्स के बीच सफल उम्मीदवारों को अपने पाले में करने के लिए पैसों का खेल यानी खरीद-फरोख्त चल रही थी। विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक कोचिंग द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में दूसरे कोचिंग के कुछ छात्र पहुंच गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और गोलीबारी में बदल गई। इस हमले में खान सर का एक गार्ड भी जख्मी हुआ था।

Also Read: सिरफिरे ने दफ्तर में पूर्व प्रेमिका पर 35 सेकेंड में किए चाकू से 30 वार, सहकर्मियों के सामने उतारा मौत के घाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.