नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी नागपुर पुलिस के इमरजेंसी नंबर 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति के कॉल से मिली, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उनके घर की तलाशी ली और सुरक्षा कड़ी कर दी है।

यह घटना रविवार की सुबह 8:46 बजे की है। धमकी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और प्रताप नगर थाने को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने फौरन गडकरी के वर्धा रोड स्थित एनरिको हाइट्स आवास पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहाँ कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

जोन-1 के डीसीपी ऋषिकेश रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। फिलहाल, नितिन गडकरी नागपुर में ही मौजूद हैं, जिसके चलते उनकी सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई है।

बता दें कि इस तरह की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई वीवीआईपी हस्तियों और महत्वपूर्ण जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हाल ही में, 13 जुलाई को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी धमकी मिली थी, जिसके बाद आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, 26 जुलाई को मुंबई के सीएसएमटी स्टेशन पर भी बम होने की झूठी सूचना मिली थी।

Also Read: IND vs ENG 5th Test: क्या ‘द ओवल’ में टूटेगा 122 साल पुराना रिकॉर्ड?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.