Saharanpur News: पुलिस के हत्थे चढ़े 3 असलहा तस्कर, स्कार्पियो और कारतूसों का जखीरा बरामद
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) की मेरठ फील्ड इकाई ने पश्चिमी यूपी में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बिजलीघर तिराहे से शेरपुर पैलो मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास आम के बाग से की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से अवैध असलहे, भारी मात्रा में कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की काली स्कार्पियो गाड़ी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असद (निवासी पिलखनतला, सहारनपुर), इकराम (निवासी बड़ी माहेश्वरी, थाना चिलकाना) और दानिश (निवासी कस्बा व थाना नकुड़, सहारनपुर) के रूप में हुई है। तस्करों के पास से 1 पम्प एक्शन गन (12 बोर, फैक्टरीमेड), 2 बंदूकें (12 बोर, फैक्टरीमेड), 1 बंदूक (315 बोर), 3 एयर गन (फैक्टरीमेड), 1 तमंचा (12 बोर) तथा 1 तलवार बरामद हुए हैं। इसके अलावा 425 जिंदा कारतूस (12 बोर), 2 मोबाइल फोन और 1 बिना नंबर की काले रंग की स्कार्पियो कार को जब्त किया है।

एसटीएफ की पूछताछ में मुख्य आरोपी असद ने बताया कि वह पंजाब के अमृतसर स्थित मरहट्ठा गन हाउस से 30 से 40 हजार रुपये में बंदूकें और कारतूस खरीदकर लाता था। इसके बाद वह और उसके साथी दानिश व इकराम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, सहारनपुर और आसपास के जिलों में इन असलहों को 80 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेच देते थे। दानिश उसकी स्कार्पियो गाड़ी चलाता था, जबकि इकराम उसका नौकर है। यह गिरोह पिछले दो सालों से अवैध असलहों की तस्करी के काले कारोबार में संलिप्त था।
उल्लेखनीय है कि इसी मरहट्ठा गन हाउस से अवैध हथियारों की सप्लाई के मामले में एसटीएफ पूर्व में मुजफ्फरनगर निवासी अनिल बालियान और गन हाउस के मालिक शेजपाल सिंह (अमृतसर, पंजाब) को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पकड़े गए तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना मिर्जापुर (सहारनपुर) में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा अमल में लाई जा रही है।
Also Read: लखनऊ में मां की हत्या का बनाया प्लान, ऑनलाइन मंगाया रिंच, डायरी में लिखे थे एक-एक स्टेप

