केंद्रीय कैबिनेट बैठक में तीन बड़े फैसलों को मंजूरी, यूपी-महाराष्ट्र और झारखंड को मिली बड़ी सौगात

Sandesh Wahak Digital Desk: बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तर प्रदेश को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने वाले तीन बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

पुणे मेट्रो के विस्तार को हरी झंडी

मंत्रिमंडल ने पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट के फेज-2 को मंजूरी दी है, जिसके तहत 3,626 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी गई है। इस योजना के तहत वनाज-रामवाड़ी कॉरिडोर के विस्तार में वनाज से चांदनी चौक (कॉरिडोर-2A) और रामवाड़ी से वाघोली/विट्ठलवाड़ी (कॉरिडोर-B) तक मेट्रो चलाई जाएगी। यह 12.75 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रूट होगा, जिसमें कुल 13 स्टेशन होंगे। यह कदम पुणे की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगा।

झारखंड के लिए झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी

झारखंड के झरिया क्षेत्र में सालों से जल रही भूमिगत आग की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। इसके तहत 5,940 करोड़ रुपये के संशोधित झरिया मास्टर प्लान को मंजूरी दी गई है। इस प्लान का उद्देश्य झरिया में बसे लोगों का सुरक्षित पुनर्वास करना और पर्यावरणीय संकट को कम करना है।

आगरा को मिला इंटरनेशनल आलू केंद्र

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिंगना गांव में 111 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) की स्थापना को भी हरी झंडी मिल गई है। यह केंद्र दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र के तौर पर काम करेगा। इसका उद्देश्य आलू और शकरकंद जैसी फसलों की गुणवत्ता, उत्पादन और प्रोसेसिंग को बेहतर बनाना है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

अंतरिक्ष मिशन पर भी चर्चा

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को लेकर एक प्रस्ताव भी पढ़ा। उन्होंने कहा, हम भारत सहित हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर जाने वाले पहले भारतीय बनेंगे। वह न सिर्फ देश बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की उम्मीदों और सपनों को अपने साथ लेकर गए हैं।

Also Read: सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में अब नॉर्मल डिलीवरी और सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध: डॉ.…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.