Kushinagar News: रहस्यमय बुखार से 48 घंटे के अंदर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के गुलरहिया टोला गाँव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की महज़ 48 घंटे के भीतर तेज बुखार के कारण मौत हो गई है। इन दर्दनाक मौतों के बाद पूरे गाँव में दहशत फैल गई है और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। गाँव में डॉक्टरों की टीम भेजकर बाकी बच्चों की जाँच शुरू कर दी गई है।

लगातार तीन मौतों से टूटा परिवार

मृतकों में पिंटू गौड़ की 7 साल की बेटी मंजू, उनकी 3 साल की दूसरी बेटी खुशी, और उनके बड़े भाई दशरथ का 5 साल का बेटा कृष्णा शामिल हैं। सबसे पहले 7 वर्षीय मंजू को एक हफ्ता पहले तेज बुखार हुआ। बुधवार को जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मंजू की मौत के तुरंत बाद उसकी छोटी बहन खुशी को भी तेज बुखार आया। उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन शुक्रवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।

दो मासूमों की मौत से टूटे परिवार को तीसरा झटका तब लगा जब दशरथ का 5 वर्षीय बेटा कृष्णा भी बुखार की चपेट में आ गया और इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जाँच के लिए मेडिकल कैंप लगा

नेबुआ नौरंगिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के प्रभारी डॉ. रंजन कुमार मौर्या ने बताया कि सूचना मिलते ही गाँव में तुरंत मेडिकल कैंप लगा दिया गया है और टीम पिछले दो दिनों से सक्रिय है। टीम ने अब तक 57 बच्चों की जाँच की है और मलेरिया-डेंगू जैसी बीमारियों के टेस्ट किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गाँव में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया है, ब्लीचिंग पाउडर डाला है और लोगों को साफ़-सफ़ाई रखने की सलाह दी है।

Also Read: IND vs SA: सीरीज से पहले बढ़ा रोमांच, ओपनिंग के 3 दावेदार, तिलक-पंत में होगी प्लेइंग 11 की बड़ी जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.