Azamgarh News: ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से डेढ़ लाख लूटने वाले 3 बदमाश गिरफ़्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ पुलिस ने बरदह थाना क्षेत्र में 10 अक्टूबर को ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक से हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट का ख़ुलासा करते हुए तीन अंतर-जनपदीय बदमाशों को गिरफ़्तार कर लिया है। इस घटना ने ज़िले में हड़कंप मचा दिया था, जिसके बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस टीम सहित कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं।
बरदह थाना क्षेत्र में 10 अक्टूबर की रात यह घटना तब हुई थी, जब पीड़ित पति राम प्रजापति के बेटे दीपक प्रजापति ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान, दो बाइक सवार हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे डेढ़ लाख रुपये नक़द लूट लिए थे।
तीन आरोपी गिरफ़्तार, 92,000 रुपये बरामद
लगातार दबिश और सर्विलांस के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम को इस गिरोह के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों आशुतोष सिंह मेंहनाजपुर, आजमगढ़, गौरव जायसवाल चंदवक, जौनपुर और विपिन यादव बरदह, आजमगढ़ को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के क़ब्ज़े से लूट का 92 हज़ार रुपये नक़द और दो आधार कार्ड बरामद किए हैं।
तीन आरोपी अभी भी फ़रार
गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद आपस में धन बाँट लेते थे। एसपी सिटी ने बताया कि इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य आनंद यादव, संदीप यादव और शिवम उर्फ पप्पू यादव अभी भी फ़रार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ़्तार आरोपियों पर पहले से भी लूट के कई मुक़दमे दर्ज हैं।
Also Read: सिद्धार्थनगर के युवाओं को जिले में ही मिलेगा रोजगार: विधायक श्यामधनी राही

