Amethi News: BJP विधायक के भतीजे समेत तीन पर अपहरण का आरोप, केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश पासी के भतीजे रवि कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी रवि के साथ बाबा दीन और रामवचन नाम के दो अन्य युवक भी मामले में शामिल बताए जा रहे हैं।

क्या है पूरा मामला

जगदीशपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सुरेश पासी के भतीजे रवि कुमार पर आरोप है कि उसने 8 जून को गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया। लड़की की मां ने बताया कि उसकी बेटी घर से 80 हजार रुपये नकद लेकर गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, जिसके बाद लड़की पड़ोसी जिले रायबरेली के बस स्टॉप पर मिली। इसके बाद परिजन उसे लेकर मोहनगंज थाने पहुंचे और पुलिस को तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।

मोहनगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता नाबालिग है और उसके बयान व उसकी मां की शिकायत के आधार पर रवि कुमार, बाबा दीन और रामवचन के खिलाफ आईपीसी की धारा 137(2) (अपहरण) और धारा 87 (महिला का अपहरण कर विवाह हेतु मजबूर करना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल लड़की को रायबरेली बस स्टेशन से बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: धुबरी में सांप्रदायिक तनाव, सीएम हिमंत बिस्वा का सख्त रुख, उपद्रवियों पर ‘देखते ही गोली’ के आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.