Lucknow News: तीन शातिर चोर चढ़े पुलिस के हत्थे, लाखों के गहने और बाइक बरामद
Lucknow News: लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में हाल ही में बंद घरों में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जानकीपुरम पुलिस ने एक बड़े गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लाखों रुपये के चोरी हुए गहने और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
यह मामला तब सामने आया जब 2 सितंबर को अभिषेकपुरम निवासी चिरंतन सिंह ने जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके घर का मेन गेट तोड़कर अज्ञात चोरों ने नकदी, गहने, कपड़े और अन्य सामान चुरा लिया। इस शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी।
10 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरों का गिरोह नौवा खेड़ा मंदिर के पास खाली मैदान में मौजूद है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रावेंद्र कुमार गौतम उर्फ छोटू (26), निवासी ठाकुरगंज, शिवा चौरसिया उर्फ जोन (24), निवासी पारा, (मूल रूप से हरदोई का रहने वाला), मुन्ना बाबू उर्फ सोनू (19), निवासी पारा, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रावरेंद्र और शिवा दोनों पेशे से ऑटो चालक हैं, जबकि मुन्ना बाबू कबाड़ी का काम करता है। इन सभी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, एक काले रंग की स्प्लेंडर प्लस और एक काले रंग की अपाचे आरटीआर 160। इसके अलावा, चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Jaunpur News: पुलिस के हत्थे चढ़ा महाकाल गैंग का शातिर सदस्य, दो फरार

