‘एक राखी मेरे नाम की भी बांधना’, रक्षाबंधन पर तेजस्वी यादव की भावुक अपील

Sandesh Wahak Digital Desk: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की महिलाओं से एक भावुक अपील की है। उन्होंने बिहार की सभी महिलाओं को अपनी बहन बताते हुए उनसे अपने भाई के साथ-साथ उनके नाम की भी एक राखी बांधने का आग्रह किया है। तेजस्वी ने दावा किया है कि वह हर घर की हर बहन की खुशहाली के लिए नीतियां बना रहे हैं, जिन्हें लागू करने के लिए उन्हें सभी बहनों का सहयोग चाहिए।

‘हर बहन की समृद्धि के बारे में सोच रहा हूं’

अपने पत्र में तेजस्वी ने कहा, “सबसे पहले आप सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आप सभी का भाई होने के नाते आपसे कुछ महत्वपूर्ण बात करना चाहता हूं।” उन्होंने आगे लिखा, “मैं आपसे एक अनुरोध करना चाहता हूं। अपने भाई को राखी बांधने के बाद आप एक राखी अपने इस भाई तेजस्वी के नाम की भी बांधें।” उन्होंने समझाया कि वह भले ही हर घर में नहीं आ सकते, लेकिन हर घर के बारे में और हर बहन की समृद्धि के बारे में सोच रहे हैं।

बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से रक्षा का वादा

तेजस्वी ने अपनी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “बिहार को नंबर वन बनाने का प्रण लीजिए। रक्षाबंधन पर एक राखी और चुनाव में एक वोट अपने तेजस्वी भैया को दीजिए। मैं भरोसा देता हूं, चाहे वो बेरोजगारी से रक्षा हो, महंगाई से, अपराध से, गरीबी से या भ्रष्टाचार से, मैं हमेशा आपका रक्षा चक्र बनकर आपके लिए कार्य करता रहूंगा।”

उन्होंने अपनी प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भी दी, जिनमें ‘बेटी (BETI) प्रोग्राम’, महिलाओं के लिए ‘माई-बहन योजना’, विधवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन में बढ़ोतरी, ₹500 में गैस सिलेंडर, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, और बेटियों के लिए उच्च शिक्षा व रोजगार की व्यवस्था शामिल हैं। उन्होंने पेपर लीक पर लगाम लगाने का भी वादा किया।

’20 साल से बिहार नकारात्मक राजनीति का शिकार’

तेजस्वी ने अपने पत्र में 20 सालों की “नकारात्मक राजनीति” के लिए विरोधियों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 17 महीनों में लाखों नौकरियां दीं, तो विपक्ष ने कहा था कि यह असंभव है। अब चुनाव करीब आते देख वे भी नौकरी देने का ढोंग कर रहे हैं और उनकी योजनाओं की नकल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मेरी सभी बहनों से करबद्ध अनुरोध है कि इन ढोंगियों के दावों में मत आना। सोचना कि जो 20 सालों में नहीं कर पाए, तेजस्वी के कर दिखाते ही, चुनाव आते ही 20 दिनों में ये सब करने को आतुर हैं। तेजस्वी ने वादा किया कि सत्ता में आने पर वह पिछली सरकार द्वारा “हड़पे गए ₹70,000 करोड़” वापस लेंगे और इसे बिहार की बहनों को रक्षाबंधन की शगुन राशि के रूप में देंगे।

 

Also Read: Delhi News: करावल में ट्रिपल मर्डर, शख्स ने पत्नी और दो बेटियों को उतारा मौत के घाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.