UP विधानभवन की सुरक्षा चाक-चौबंद, लखनऊ में अभेद्य घेरा, 4 जोन और 10 सेक्टर में बंटा इलाका

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमण्डल का बजट सत्र 2026 आज (09 फरवरी) से शुरू हो रहा है, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस सत्र के दौरान सदन की गरिमा को सुरक्षित रखने और मुख्यमंत्री, मंत्रियों व विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने ‘पुलिस व्यवस्थापन एवं प्रबन्धादेश’ के तहत व्यापक और अभेद्य सुरक्षा चक्र तैयार किया है।

सुरक्षा का अभेद्य किला: 4 जोन और 10 सेक्टर में तैनाती

पुलिस कमिश्नरेट ने संपूर्ण विधान भवन और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से 04 जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ विशेष विंग्स को भी मैदान में उतारा गया है।

सुरक्षा की कमान 4 ADCP और 11 ACP संभाल रहे हैं। कुल बल में 31 निरीक्षक, 274 उप-निरीक्षक, 601 मुख्य आरक्षी व आरक्षी और 124 महिला आरक्षी तैनात की गई हैं। इसके साथ ही 6 कंपनियां पीएसी (PAC)/आरआरएफ (RRF) और एटीएस (ATS) की 3 विशेष कमांडो टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहेंगी। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता (BDDS), एन्टी-माइन टीम, और एंटी-सैबोटाज चेक टीमें सक्रिय हैं। परिसर में प्रवेश के लिए 18 DFMD लगाए गए हैं।

यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी निगरानी

सत्र के दौरान आम जनता को असुविधा न हो और वीवीआईपी का आवागमन सुचारू रहे, इसके लिए व्यापक यातायात प्रबंधन किया गया है। 13 निरीक्षक और 63 उप-निरीक्षकों सहित कुल 338 यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24×7 मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सतर्क दृष्टि बनी हुई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विधानभवन के आसपास किसी भी प्रकार के अनधिकृत धरने या प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस ने जनसाधारण से अनुरोध किया है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और पुलिस द्वारा जारी यातायात एडवाइजरी व डायवर्जन का पालन करें।

Also Read: UP बजट सत्र आज से: राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा आगाज़, SIR और ट्रेड डील पर सरकार को घेरेगा विपक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.