‘लोकतंत्र की मर्यादा तार-तार कर रही TMC’, ममता सरकार पर बरसे केशव प्रसाद मौर्य
Sandesh Wahak Digital Desk: कौशांबी प्रवास के बाद रविवार को प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बंगाल सरकार के व्यवहार को ‘अराजक’ और ‘निरंकुश’ करार देते हुए कहा कि ममता दीदी के नेतृत्व में टीएमसी सरकार ने अब सारी सीमाएं लांघ दी हैं।
संवैधानिक संस्थाओं का खुला अपमान
मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बंगाल दौरे के दौरान हुए प्रोटोकॉल उल्लंघन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली ममता सरकार अब संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति खुले असम्मान का प्रतीक बन गई है। पहले प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों का अनादर किया गया और अब आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति का सार्वजनिक अपमान किया जा रहा है।” उन्होंने इसे देश के सर्वोच्च पद और आदिवासी अस्मिता पर बड़ी चोट बताया।
हादसे को याद कर हुए भावुक
राजनीतिक चर्चा के बीच केशव प्रसाद मौर्य उस समय भावुक हो गए जब उन्होंने हाल ही में हुए हेलीकॉप्टर हादसे का जिक्र किया। उन्होंने भर्राई आवाज में कहा, “यह मां शीतला, महाकाल की असीम कृपा और आप कार्यकर्ताओं की दुआओं का ही असर है कि मैं उस हादसे में बाल-बाल बच गया।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को आने वाले होली के त्योहार की अग्रिम बधाई भी दी।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
बमरौली एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम का भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, राजेश केसरवानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ और सुरक्षित होने पर खुशी जाहिर की।
Also Read: Lucknow News: ‘बांबे पावभाजी’ के ठिकानों पर आयकर विभाग का सर्वे, टैक्स चोरी की आशंका

