बाबरी शैली की मस्जिद बनाने पर अड़े TMC विधायक हुमायूं कबीर सस्पेंड; बोले- बनाएंगे नई पार्टी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में बाबरी शैली की मस्जिद बनाने का विवादित संकल्प लेने वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। यह निलंबन तब हुआ जब हुमायूं कबीर गुरुवार को बहरामपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक अहम मीटिंग में पहुँचे थे। निलंबन की खबर मिलते ही वह मीटिंग छोड़कर चले गए।

जल्द नई पार्टी बनाने का ऐलान

हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद जिले में विवादित मस्जिद के निर्माण पर अड़े हुए हैं। सस्पेंड होने के बाद उन्होंने तुरंत घोषणा की कि वह जल्द ही अपनी नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने टीएमसी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव में 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

बता दें कि बुधवार को हुमायूं कबीर ने यह कहकर राज्य का सियासी पारा बढ़ा दिया था कि वह 6 दिसंबर को, राजभवन की आपत्तियों को दरकिनार करते हुए, मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद का शिलान्यास करेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा था, अगर प्रशासन हमें रोकने की कोशिश करेगा तो रेजिनगर से बहरामपुर तक का राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया जाएगा। मेरा संदेश साफ है- आग से मत खेलो।

कौन हैं हुमायूं कबीर

हुमायूं कबीर दल-बदल के लिए जाने जाते हैं। वह पहले कांग्रेस, फिर टीएमसी, फिर भाजपा और वापस टीएमसी में शामिल हो चुके हैं। 6 दिसंबर को शिलान्यास करने का उनका चयन एक बड़ा राजनीतिक संदेश था, क्योंकि इसी दिन 1992 में बाबरी मस्जिद गिराई गई थी। टीएमसी इस दिन को संघर्ष दिवस के रूप में मनाती है और पश्चिम बंगाल सरकार ने इस साल 6 दिसंबर को छुट्टी भी घोषित की है। कबीर ने जिला अधिकारियों को आरएसएस का एजेंट बताकर उन्हें चुनौती भी दी थी।

Also Read: लखनऊ मेयर ने झुग्गी बस्ती में पहुंचकर की बांग्लादेशी घुसपैठियों की तलाश, अवैध झोपड़ियों पर लटकी तलवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.