Gyanesh Kumar के खिलाफ TMC की तैयारी, महाभियोग प्रस्ताव लाने की योजना
Sandesh Wahak Digital Dsk: पश्चिम बंगाल में SIR को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के विरोध में उतर आई है। पार्टी उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। टीएमसी सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इसी सत्र में महाभियोग का नोटिस दिया जा सकता है। इस कदम को लेकर पार्टी के भीतर तैयारी भी शुरू हो चुकी है।
नहीं बन पाई थी सहमति
दरअसल टीएमसी बजट सत्र के पहले हाफ में ही मुख्य चुनाव आयुक्त (Gyanesh Kumar) के खिलाफ यह कदम उठाना चाहती थी। लेकिन उस समय कांग्रेस की प्राथमिकता कुछ और थी। कांग्रेस पहले लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहती थी। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष के भीतर मतभेद भी सामने आए थे। इस नाराजगी के चलते टीएमसी सांसदों ने स्पीकर के खिलाफ लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव पर साथ देगी TMC
वहीं अब बजट सत्र के दूसरे हिस्से में TMC ने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष का साथ देने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही विपक्षी दलों के बीच समन्वय की नई कोशिशें भी शुरू हो गई हैं। टीएमसी सूत्रों का कहना है कि अब विपक्षी दल मौखिक रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) को हटाने के लिए महाभियोग प्रस्ताव लाने पर सहमत दिखाई दे रहे हैं।
महाभियोग प्रस्ताव के लिए तैयार हो रहा ड्राफ्ट
पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्य चुनाव आयुक्त (Gyanesh Kumar) के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए ड्राफ्ट तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद जरूरी संख्या से अधिक सांसदों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे ताकि प्रस्ताव को संसद में पेश किया जा सके। हालांकि रणनीतिक तौर पर अभी यह तय नहीं किया गया है कि यह प्रस्ताव लोकसभा में पेश किया जाएगा या राज्यसभा में। विपक्ष की ओर से इसे संसद के इसी सत्र में लाने की तैयारी की जा रही है।
Also Read: दिल्ली दंगा मामले में Sharjeel Imam को राहत, कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत

