अमित शाह के दफ्तर के बाहर TMC का हल्लाबोल, महुआ मोइत्रा और डेरेक ओ’ब्रायन हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा चुनावी रणनीति बनाने वाली संस्था आई-पैक के ठिकानों पर की गई छापेमारी के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने शुक्रवार को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय के बाहर विरोध जता रहे सांसदों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने डेरेक ओ’ब्रायन और महुआ मोइत्रा समेत कई दिग्गज नेताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान टीएमसी नेताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर जमकर निशाना साधा। महुआ मोइत्रा ने कहा, पूरा देश देख रहा है कि एक चुने हुए सांसद के साथ दिल्ली पुलिस कैसा बर्ताव कर रही है। हम भाजपा को हराकर ही दम लेंगे। कीर्ति आजाद बोले, भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए ईडी के जरिए गलत तरीके से छापेमारी करवा रही है। वहीं शताब्दी रॉय ने कहा, जैसे ही चुनाव करीब आते हैं, इन्हें ईडी और सीबीआई की याद आने लगती है। यह सिर्फ डराने की कोशिश है। इसी क्रम में प्रतिमा मंडल ने अमित शाह हमारे राजनीतिक दस्तावेज छीनने के लिए अधिकारियों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

क्या है विवाद की जड़

विवाद गुरुवार को तब शुरू हुआ जब कोलकाता में आई-पैक के दफ्तर और प्रतीक जैन के घर पर ईडी की टीम पहुंची। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंच गईं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ईडी उनकी चुनावी रणनीति के दस्तावेज चोरी करने आई थी। उन्होंने कुछ फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स अपनी सुरक्षा में लेकर मीडिया के सामने भाजपा पर हमला बोला।

Also Read: जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत पूरे परिवार पर आरोप तय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.