परिनिर्वाण दिवस आज: CM योगी देंगे श्रद्धांजलि, मायावती की नोएडा रैली रद्द; सपा ने अनुमति न मिलने पर जताया विरोध
Sandesh Wahak Digital Desk: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का आज महापरिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर) मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यक्रम और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
सीएम योगी का श्रद्धांजलि कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हजरतगंज स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक के साथ-साथ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, एमएलसी डॉ. लालजी प्रसाद ‘निर्मल’ और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध भिक्षुओं द्वारा बुद्ध वंदना से होगी। इसके अलावा, बाबा साहेब के अस्थिकलश कक्ष में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और उनके सामाजिक न्याय पर केंद्रित संदेशों का पाठ होगा।
आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद ‘निर्मल’ ने शुक्रवार को सीएम योगी से मिलकर संविधान की प्रति भेंट की और सरकारी पाठ्यक्रमों में संविधान के महत्वपूर्ण विषयों (जैसे उद्देशिका, मौलिक अधिकार आदि) को शामिल करने का आग्रह किया।
मायावती ने सुरक्षा कारणों से रैली रद्द की
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने 6 दिसंबर को नोएडा में प्रस्तावित अपनी महारैली को संबोधित न करने का फैसला किया है। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर की जाने वाली सरकारी व्यवस्था के कारण कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसलिए वह कार्यकर्ताओं की सहूलियत को देखते हुए अपने आवास पर ही डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।
सपा का कार्यक्रम रद्द होने पर विरोध
समाजवादी पार्टी (सपा) ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 6 दिसंबर को प्रस्तावित अपने श्रद्धांजलि कार्यक्रम को अनुमति न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। सपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे अलोकतांत्रिक, तानाशाही कृत्य और बाबा साहेब के प्रति दुर्भावनापूर्ण रवैया करार दिया।
सांसद आरके चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में कार्यक्रम रद्द किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ वोट के लिए अंबेडकर का नाम लेती है, जबकि संविधान गरीबों, वंचितों और पिछड़ों का हथियार है।
Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर हवाई यात्रा चरमराई, इंडिगो समेत 42 उड़ानें रद्द, किराया हुआ 10 गुना

