कोलकाता में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, मेट्रो और ट्रेन सेवाएं प्रभावित, एक की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: शारदीय नवरात्रि के बीच कोलकाता में हुई मूसलाधार बारिश ने शहर में बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। रात भर हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में भयानक जलभराव हो गया है, जिससे मेट्रो और रेल सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है। इस घटना में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत भी हो गई है।
भारी जलभराव के कारण महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोवर स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं हैं। शहीद खुदीराम से मेडेन स्टेशन तक मेट्रो बंद कर दी गई है। वहीं, दक्षिणेश्वर से मेडेन स्टेशन तक सीमित सेवाएं ही चलाई जा रही हैं। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि पानी निकालने का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

रेलवे का भी बुरा हाल है। हावड़ा और सियालदह के यार्ड और पटरियों पर पानी भर गया है। इससे कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है। कोलकाता-हल्दीबाड़ी एक्सप्रेस (12363), हजारदुआरी एक्सप्रेस कोलकाता (13113) और सियालदह-जंगीपुर एक्सप्रेस (13177) को रद्द कर दिया गया है।
हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-गया वंदे भारत एक्सप्रेस और हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है।

