Toyota बनना चाहती है टीम इंडिया की टाइटल स्पॉन्सर, BCCI ने एशिया कप से पहले शुरू की प्रक्रिया

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के लिए नया टाइटल स्पॉन्सर खोजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मौजूदा टाइटल स्पॉन्सर Dream11 के साथ करार हाल ही में समाप्त हो गया है। यह करार 2023 में तीन साल के लिए हुआ था और 2026 तक चलना था, लेकिन नए ऑनलाइन गेमिंग बिल लागू होने के चलते समय से पहले समाप्त कर दिया गया।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नए नियमों के तहत अब बोर्ड किसी ऑनलाइन गेमिंग या फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी के साथ स्पॉन्सरशिप डील नहीं कर सकता।

Asia Cup 2025

उन्होंने कहा, “नए नियमों के बाद BCCI ड्रीम11 या किसी अन्य गेमिंग कंपनी के साथ करार नहीं कर सकता। अब हम नए विकल्पों की तलाश में हैं और यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।”

ऑटोमोबाइल कंपनी टोयोटा ने जताई रुचि

सूत्रों के मुताबिक, ऑटोमोबाइल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टोयोटा समेत कुछ अन्य दिग्गज कंपनियों ने BCCI के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप करार करने में रुचि दिखाई है। हालांकि, बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि एशिया कप 2025 से पहले नया करार संभव नहीं है।

BCCI के एक अधिकारी ने बताया, “एशिया कप में अब कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में प्रक्रिया पूरी कर पाना मुश्किल है। हमें इसके लिए विज्ञापन देना होगा, प्रस्ताव आने के बाद उनकी समीक्षा की जाएगी और फिर निर्णय लिया जाएगा। यह सब कुछ समय मांगता है।”

358 करोड़ रुपये में हुआ था Dream11 का करार

2023 में ड्रीम11 ने टीम इंडिया के टाइटल स्पॉन्सर अधिकार 44 मिलियन डॉलर (करीब 358 करोड़ रुपये) में खरीदे थे।

लेकिन हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा से पारित ऑनलाइन गेमिंग बिल के तहत भारत में रियल मनी गेमिंग पर सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे यह करार समय से पहले खत्म करना पड़ा।

एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक

एशिया कप 2025 का आयोजन 9 सितंबर से 28 सितंबर तक यूएई में होगा। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को है। ऐसे में यह लगभग तय है कि टीम इंडिया बिना टाइटल स्पॉन्सर के ही एशिया कप में उतरेगी।

Also Read: एशिया कप से पहले BCCI और Dream11 का करार खत्म, इतने करोड़ में हुई थी डील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.