लखनऊ में व्यापारियों ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात, बिजली दरों में बढ़ोतरी और 6 मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में व्यापारियों ने शनिवार को अपनी समस्याओं और सुझावों को लेकर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि समेत कुल 6 अहम मुद्दों को लेकर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोतियानी, महामंत्री अनिल बजाज, रत्न मेघानी, प्रभु जालान, श्याम कृषनानी, पुनीत लालचंदानी, सुशील गुरनानी और संजय जसवानी शामिल थे। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी इस बातचीत के दौरान व्यापारियों के साथ रहीं।
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर जताई कड़ी आपत्ति
व्यापारियों ने रक्षा मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राज्य सरकार बिजली दरों में इजाफा करने की योजना पर विचार कर रही है, जो कि मौजूदा आर्थिक हालात में उचित नहीं है। “व्यापार पहले से ही मंदी की मार झेल रहा है, ऐसे में बिजली दरों में कोई भी बढ़ोतरी व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी,” व्यापारियों ने यह कहते हुए सरकार से इस फैसले को रद्द करने की मांग की।
बिजली के तारों के जाल से निजात की मांग
व्यापारियों ने बाजारों में फैले बिजली के तारों के मक्कड़जाल को जल्द हटाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि यह न सिर्फ बदसूरत दृश्य पैदा करता है बल्कि जानलेवा खतरा भी बना रहता है।
सड़कों की हालत सुधारने पर दिया जोर
अमीनाबाद, प्रताप मार्केट और अन्य प्रमुख व्यापारिक इलाकों की टूटी-फूटी सड़कों को लेकर भी व्यापारी काफी आक्रोशित दिखे। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से ग्राहकों और व्यापारियों दोनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम को जल्द कदम उठाने चाहिए।
व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग
व्यापारियों की सबसे अहम मांग थी – ‘व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन। उनका कहना है कि यह बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सरकार तक पहुंचाने का एक संस्थागत माध्यम बनेगा।
व्यापारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इस बोर्ड में केवल ईमानदार और सक्रिय व्यापारी प्रतिनिधियों को जगह दी जाए, न कि राजनीतिक चेहरों को।
6 प्रमुख मांगे
- बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि को तत्काल रोका जाए।
- बाजारों में फैले बिजली के तारों को भूमिगत किया जाए।
- जर्जर सड़कों की मरम्मत की जाए, विशेषकर अमीनाबाद व प्रताप मार्केट में।
- व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन शीघ्र किया जाए।
- बोर्ड में गैर-राजनीतिक व ईमानदार व्यापारियों को प्रतिनिधित्व मिले।
- व्यापार से जुड़े मुद्दों पर सरकार का तत्काल संवाद हो।
Also Read: कुशीनगर में कार-ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, सिद्धार्थनगर के 4 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत

